कानपुर-सागर मार्ग पर कोहरे का कहर: ट्रक और डीसीएम की आमने-सामने भिड़ंत, चालक की दर्दनाक मौत

संवाद 24 संवाददाता। घने कोहरे ने एक बार फिर जानलेवा रूप दिखाया। घाटमपुर के पतारा चौकी क्षेत्र अंतर्गत बरनाव मोड़ के पास मंगलवार सुबह कानपुर-सागर मार्ग पर ट्रक और डीसीएम की आमने-सामने से भीषण भिड़ंत हो गई। हादसे में डीसीएम चालक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि सड़क पर अफरा-तफरी मच गई।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, मंगलवार सुबह करीब नौ बजे कोहरा इतना घना था कि सामने से आ रहे वाहन दिखाई नहीं दे रहे थे। इसी दौरान तेज रफ्तार ट्रक और डीसीएम एक-दूसरे से टकरा गए। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि डीसीएम का अगला हिस्सा पूरी तरह चकनाचूर हो गया।
हादसे में जान गंवाने वाले चालक की पहचान दिनेश कुमार, निवासी पतारा के रूप में हुई है। टक्कर के बाद दिनेश केबिन में ही बुरी तरह फंस गए। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से चालक को बाहर निकालकर एंबुलेंस से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेजा गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और परिजनों को घटना की जानकारी दे दी गई है। हादसे के बाद कुछ देर तक कानपुर-सागर मार्ग पर यातायात बाधित रहा, जिससे वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। पुलिस ने क्षतिग्रस्त वाहनों को हटवाकर मार्ग को सुचारू कराया।

स्थानीय लोगों का कहना है कि कोहरे के कारण इस मार्ग पर पहले भी कई हादसे हो चुके हैं। उन्होंने प्रशासन से कोहरे के समय भारी वाहनों की गति पर नियंत्रण और सड़क सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने की मांग की है।

Pavan Singh
Pavan Singh

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *