मां का इकलौता सहारा छीन ले गई मौत! पांच दिन के बुखार के बाद 21 वर्षीय छात्र ने रास्ते में तोड़ा दम

कन्नौज। जिले के तालग्राम थाना क्षेत्र से एक हृदयविदारक घटना सामने आई है। महज 21 वर्ष की उम्र में बीएससी की पढ़ाई कर रहे शेखर की असमय मौत ने पूरे परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया। पांच दिनों से बुखार से पीड़ित शेखर की हालत बुधवार को अचानक बिगड़ गई। परिजन उसे बेहतर उपचार के लिए कानपुर के हैलट अस्पताल लेकर जा रहे थे, लेकिन अस्पताल पहुंचने से पहले ही रास्ते में उसकी सांसें थम गईं।

पांच दिनों से चल रहा था इलाज, अचानक बिगड़ी तबीयत

प्राप्त जानकारी के अनुसार, तालग्राम थाना क्षेत्र के गधैईया ऊसर गांव निवासी शेखर (21) पुत्र स्वर्गीय मनोज पिछले पांच दिनों से बुखार से पीड़ित था। उसका एक निजी चिकित्सक के यहां उपचार चल रहा था। परिजनों को उम्मीद थी कि इलाज से उसकी तबीयत में सुधार हो जाएगा, लेकिन बुधवार को अचानक उसकी हालत गंभीर हो गई।

स्थिति बिगड़ती देख परिजनों ने बिना देर किए उसे कानपुर के हैलट अस्पताल ले जाने का निर्णय लिया। परिवार के लोग उसे लेकर अस्पताल के लिए रवाना हुए, लेकिन नियति को कुछ और ही मंजूर था। अस्पताल पहुंचने से पहले ही शेखर ने रास्ते में दम तोड़ दिया।

पांच दिसंबर को था अगला पेपर, अधूरी रह गई पढ़ाई

शेखर बीएससी प्रथम सेमेस्टर का छात्र था और इन दिनों उसकी परीक्षाएं चल रही थीं। वह अपनी पढ़ाई को लेकर भी गंभीर था। आगामी पांच दिसंबर को उसका अगला प्रश्नपत्र होना था। परिवार और आसपास के लोगों को उम्मीद थी कि वह पढ़-लिखकर अपना भविष्य संवारेगा, लेकिन अचानक हुई इस घटना ने उसके सारे सपनों पर विराम लगा दिया।

पिता की मौत के बाद मां का इकलौता सहारा था शेखर

इस घटना का सबसे पीड़ादायक पहलू शेखर के परिवार की परिस्थितियां हैं। उसके पिता मनोज का करीब दो वर्ष पहले ही निधन हो चुका था। परिवार में उसकी दो बहनों की शादी हो चुकी है। पिता के जाने के बाद शेखर ही अपनी मां पुनीता का इकलौता सहारा और बुढ़ापे की उम्मीद था।जिस बेटे को मां ने तमाम कठिनाइयों के बीच पाल-पोसकर बड़ा किया और जिसके बेहतर भविष्य के सपने संजोए थे, उसी बेटे की अर्थी उठते देख परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा।

बेटे की मौत से बेसुध हुई मां, गांव में पसरा मातम

शेखर की मौत की खबर जैसे ही घर पहुंची, परिवार में चीख-पुकार मच गई। मां पुनीता बेटे को खोने के गम में बेसुध हो गईं। परिवार के सदस्यों का रो-रोकर बुरा हाल है। घटना की जानकारी मिलने के बाद गांव में भी शोक की लहर दौड़ गई। हर कोई इस असमय हुई मौत से स्तब्ध है।

Shivpratap Singh
Shivpratap Singh

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *