प्रेमी की दूसरी शादी की खबर से मचा हड़कंप, मोबाइल टावर पर चढ़ी युवती; ढाई घंटे तक चला हाईवोल्टेज ड्रामा

कन्नौज। जिले के छिबरामऊ नगर में बुधवार सुबह उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब 28 वर्षीय एक युवती अपने प्रेम संबंधों से जुड़े विवाद के बीच मोबाइल टावर पर चढ़ गई। युवती को टावर पर चढ़ा देखकर आसपास के लोगों की भीड़ जमा हो गई। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और करीब ढाई घंटे की मशक्कत के बाद उसे सुरक्षित नीचे उतार लिया।

सुबह छह बजे मोबाइल टावर पर चढ़ी युवती

जानकारी के अनुसार, छिबरामऊ की इंदिरा आवास कॉलोनी निवासी नरगिस बुधवार सुबह करीब छह बजे काशीराम कॉलोनी के पास कृष्णा हॉस्पिटल वाली गली में लगे एयरटेल के मोबाइल टावर पर चढ़ गई। अचानक हुई इस घटना से इलाके में हलचल मच गई। स्थानीय लोगों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने युवती को समझाने-बुझाने का प्रयास शुरू किया।

आठ साल से प्रेम संबंध, पांच साल की बेटी होने का दावा

पुलिस पूछताछ में युवती ने बताया कि फर्रुखाबाद जिले के जरारी गांव निवासी नूर आलम के साथ उसके पिछले आठ वर्षों से प्रेम संबंध हैं। युवती का दावा है कि दोनों के संबंधों से पांच साल की एक बेटी है। उसका आरोप है कि युवक अब उससे निकाह करने से इनकार कर रहा है और दूसरी शादी करना चाहता है।

गर्भपात कराने और मारपीट करने के लगाए गंभीर आरोप

युवती ने आरोप लगाया कि करीब आठ महीने पहले दोबारा गर्भवती होने पर उसने युवक से निकाह करने की बात कही थी। इस पर युवक और उसके परिजनों ने कथित तौर पर उसके साथ मारपीट की और गर्भनिरोधक दवाएं देकर गर्भपात करा दिया। युवती ने यह भी आरोप लगाया कि उसे जान से मारने की धमकियां दी जा रही हैं। उसने पुलिस से पहले शिकायत करने के बावजूद सुनवाई नहीं होने का दावा भी किया।

ढाई घंटे की मशक्कत के बाद पुलिस ने सुरक्षित उतारा

युवती के टावर पर चढ़ने की सूचना मिलते ही छिबरामऊ कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिसकर्मियों ने लगातार बातचीत कर उसे नीचे उतरने के लिए समझाया। करीब ढाई घंटे के प्रयास के बाद पुलिस युवती को सुरक्षित नीचे उतारने में सफल रही। इसके बाद उसे कोतवाली ले जाकर पूछताछ की गई।

कोतवाली प्रभारी ने क्या बताया?

छिबरामऊ कोतवाली प्रभारी कपिल दुबे के मुताबिक, युवती के नूर आलम नामक युवक के साथ प्रेम संबंध हैं। युवक अब दूसरी शादी करना चाहता है। इसी विवाद के चलते युवती बुधवार सुबह मोबाइल टावर पर चढ़ गई थी। पुलिस ने उसे सकुशल नीचे उतार लिया है और पूरे मामले की जांच की जा रही है।

अब पुलिस जांच के बाद सामने आएगी सच्चाई

इस घटनाक्रम में युवती की ओर से लगाए गए आरोप काफी गंभीर हैं। हालांकि, मारपीट, गर्भपात और जान से मारने की धमकी जैसे आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि अभी नहीं हुई है। पुलिस जांच के बाद ही पूरे मामले की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी। फिलहाल इस घटना ने छिबरामऊ क्षेत्र में चर्चा का विषय बना दिया है।

Shivpratap Singh
Shivpratap Singh

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *