प्रसव केंद्र में गंदी बेडशीट और खिड़कियों पर घास-फूस देख डीएम नाराज, बोले—व्यवस्थाओं में तत्काल सुधार करें

कन्नौज। जिले में स्वास्थ्य सेवाओं और अस्पतालों की व्यवस्थाओं को लेकर प्रशासन की निगरानी के बीच जिलाधिकारी आशुतोष मोहन अग्निहोत्री ने रविवार दोपहर करीब ढाई बजे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (बिनोद दीक्षित अस्पताल) का औचक निरीक्षण किया। अचानक पहुंचे डीएम ने अस्पताल के विभिन्न वार्डों और मरीजों को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान महिला प्रसव केंद्र में साफ-सफाई की स्थिति संतोषजनक नहीं मिलने पर उन्होंने नाराजगी जताते हुए संबंधित कर्मचारियों को व्यवस्थाएं तत्काल दुरुस्त करने के निर्देश दिए।

प्रसव केंद्र में गंदी बेडशीट, खिड़कियों पर घास-फूस ने खोली व्यवस्था की पोल

निरीक्षण के दौरान महिला प्रसव केंद्र के वार्ड में गंदी बेडशीट मिली। वहीं कक्ष के बाहर खिड़कियों पर घास-फूस और गंदगी दिखाई दी। अस्पताल की कुछ दीवारों पर सीलन भी मिली। इन अव्यवस्थाओं पर जिलाधिकारी ने संबंधित कर्मचारियों से नाराजगी जताई और अस्पताल परिसर में नियमित साफ-सफाई सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए। इसके बाद उन्होंने इमरजेंसी वार्ड और पुरुष वार्ड का भी निरीक्षण कर व्यवस्थाओं की जानकारी ली।

मरीजों से सीधे पूछा—इलाज और दवाएं मिल रही हैं या नहीं?

डीएम ने निरीक्षण के दौरान अस्पताल में भर्ती मरीजों और उनके तीमारदारों से सीधे बातचीत की। उन्होंने उपचार, दवाओं की उपलब्धता, स्वास्थ्य सुविधाओं और अस्पताल की व्यवस्थाओं के संबंध में जानकारी ली। मरीजों से फीडबैक लेने का उद्देश्य मौके पर उपलब्ध स्वास्थ्य सेवाओं की वास्तविक स्थिति को समझना रहा।

ड्रेस कोड पर भी सख्ती, बोले—पहचान में आसानी होनी चाहिए

निरीक्षण के दौरान कुछ डॉक्टर और कर्मचारी निर्धारित ड्रेस कोड में नहीं मिले। इस पर जिलाधिकारी ने नाराजगी जताते हुए अस्पताल प्रशासन को निर्देश दिया कि सभी डॉक्टरों, पैरामेडिकल स्टाफ और कर्मचारियों के लिए निर्धारित ड्रेस कोड का अनिवार्य रूप से पालन कराया जाए। उन्होंने कहा कि कर्मचारियों के निर्धारित वर्दी में रहने से मरीज और तीमारदार उन्हें आसानी से पहचान सकेंगे और जरूरत पड़ने पर अपनी समस्या संबंधित कर्मचारी तक पहुंचा सकेंगे।

ड्यूटी में लापरवाही मिली तो होगी कार्रवाई

जिलाधिकारी ने अस्पताल में तैनात चिकित्सकों, पैरामेडिकल स्टाफ और अन्य कर्मचारियों को निर्धारित समय पर ड्यूटी पर उपस्थित रहने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना प्राथमिक जिम्मेदारी है और ड्यूटी में किसी भी प्रकार की लापरवाही अथवा अनियमितता को गंभीरता से लिया जाएगा।

प्रशिक्षु फार्मासिस्टों के लिए ड्रेस के साथ ID कार्ड जरूरी

डीएम ने प्रशिक्षु फार्मासिस्टों को लेकर भी स्पष्ट निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि कोई भी प्रशिक्षु फार्मासिस्ट निर्धारित ड्रेस और वैध पहचान पत्र के बिना वार्ड में प्रवेश न करे। ड्यूटी के दौरान ड्रेस के साथ आईडी कार्ड पहनना अनिवार्य होगा। संबंधित अधिकारियों को इस व्यवस्था का कड़ाई से अनुपालन सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए गए।

स्वास्थ्य व्यवस्था की निगरानी पर प्रशासन का जोर

कन्नौज में स्वास्थ्य केंद्रों की व्यवस्थाओं को लेकर प्रशासन की ओर से लगातार निरीक्षण किए जाते रहे हैं। इससे पहले भी जिले में औचक निरीक्षण के दौरान साफ-सफाई और अस्पताल प्रबंधन से जुड़ी कमियां सामने आने पर अधिकारियों को सुधार के निर्देश दिए गए हैं।निरीक्षण के दौरान मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. विकास चंद्रा समेत अस्पताल के चिकित्सक और कर्मचारी मौजूद रहे। जिलाधिकारी के औचक निरीक्षण से अस्पताल प्रशासन में भी व्यवस्थाओं को लेकर सतर्कता बढ़ी है।

Shivpratap Singh
Shivpratap Singh

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *