
कन्नौज में स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता को लेकर जिलाधिकारी आशुतोष मोहन अग्निहोत्री ने शुक्रवार को अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक कर सख्त रुख अपनाया। बैठक में सीटी स्कैन मशीन लंबे समय से खराब होने और मरीजों को समय पर जांच सुविधा न मिलने की शिकायतों पर जिलाधिकारी ने गहरी नाराजगी व्यक्त की। उन्होंने स्पष्ट किया कि स्वास्थ्य सेवाओं में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।
मरीजों को बहाने नहीं, समय पर मिले जांच सुविधा
जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि यदि सीटी स्कैन मशीन में तकनीकी खराबी है तो उसे तत्काल ठीक कराया जाए। साथ ही मशीन के संचालन की स्थिति से जिला प्रशासन को अवगत कराया जाए, ताकि मरीजों को जांच और रिपोर्ट के लिए अनावश्यक परेशानी का सामना न करना पड़े। उन्होंने कहा कि मरीजों को मशीन खराब होने का हवाला देकर लौटाना किसी भी स्थिति में उचित नहीं है।
राष्ट्रीय गुणवत्ता मानकों पर रहेगा विशेष फोकस
राष्ट्रीय क्वालिटी एश्योरेंस कार्यक्रम (NQAS) की समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी ने मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. विकास चंद्रा को सभी सरकारी स्वास्थ्य संस्थानों की नियमित निगरानी, गुणवत्ता मूल्यांकन और निर्धारित मानकों का पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता में किसी भी स्तर पर कमी नहीं रहनी चाहिए।
लापरवाह अधिकारियों पर होगी तत्काल कार्रवाई
बैठक के दौरान जिलाधिकारी ने दो टूक कहा कि अपने दायित्वों के निर्वहन में लापरवाही बरतने वाले अधिकारी और कर्मचारियों के खिलाफ नियमानुसार तत्काल कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने यह भी कहा कि स्वास्थ्य विभाग में संसाधनों की कमी नहीं है, आवश्यकता केवल प्रभावी प्रबंधन, जवाबदेही और नियमित निगरानी की है।
दवा वेयरहाउस का भी होगा निरीक्षण
जिलाधिकारी ने मुख्य विकास अधिकारी राजेंद्र कुमार श्रीवास को दवा वेयरहाउस का निरीक्षण कर दवाओं की उपलब्धता, गुणवत्ता और भंडारण व्यवस्था का सत्यापन करने के निर्देश दिए। प्रशासन का उद्देश्य राष्ट्रीय कृमि मुक्ति दिवस अभियान सहित अन्य स्वास्थ्य कार्यक्रमों को प्रभावी ढंग से संचालित करना है।






