
संवाद 24 उमर्दा (कन्नौज) | ठठिया थाना क्षेत्र के सरसई मौजा स्थित मवइया गांव में डीजल और खाद की एक पंजीकृत दुकान से दिनदहाड़े करीब 2.94 लाख रुपये नकद और एक मोबाइल फोन चोरी होने का मामला सामने आया है। घटना 6 जुलाई की बताई जा रही है। पीड़ित दुकानदार का कहना है कि वारदात दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद होने के बावजूद अब तक चोरी का खुलासा नहीं हो सका है। इसके बाद उन्होंने प्रदेश सरकार के मंत्री असीम अरुण और कन्नौज के पुलिस अधीक्षक को लिखित शिकायत देकर कार्रवाई की मांग की है।
दोपहर में सो रहे थे दुकानदार, चोरों ने बनाया निशाना
पीड़ित रामदास पुत्र होरीलाल के अनुसार, भीषण गर्मी के कारण वह दोपहर में दुकान पर ही आराम कर रहे थे। इसी दौरान दो अज्ञात व्यक्ति दुकान में पहुंचे और कथित रूप से लोहे की रॉड की सहायता से गुल्लक की चाबी निकालकर उसमें रखी 2 लाख 94 हजार रुपये की नकदी तथा एक वीवो कंपनी का मोबाइल फोन लेकर फरार हो गए। जब उनकी नींद खुली तो गुल्लक खुली मिली और नकदी गायब थी।
सीसीटीवी फुटेज में कैद हुई पूरी घटना
घटना की जानकारी मिलते ही रामदास ने दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरों की रिकॉर्डिंग देखी, जिसमें चोरी की पूरी वारदात रिकॉर्ड होने का दावा किया गया है। इसके बाद उन्होंने डायल-112 पर सूचना दी। सूचना मिलने पर ठठिया थाना पुलिस मौके पर पहुंची, घटनास्थल का निरीक्षण किया और पीड़ित की तहरीर के आधार पर अज्ञात आरोपियों के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की।
कार्रवाई में देरी पर मंत्री और एसपी से शिकायत
पीड़ित का आरोप है कि घटना के कई दिन बीत जाने के बाद भी चोरी का खुलासा नहीं हो पाया है और न ही चोरी गया सामान बरामद हुआ है। इसी कारण उन्होंने प्रदेश सरकार के मंत्री असीम अरुण तथा पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार को लिखित प्रार्थना पत्र देकर मामले में शीघ्र कार्रवाई और न्याय की मांग की है।
पुलिस का पक्ष
क्षेत्राधिकारी तिर्वा कुलबीर सिंह के अनुसार, इस घटना में कथित रूप से शामिल कुछ संदिग्धों को किसी अन्य मामले में पहले ही जेल भेजा जा चुका है। उन्होंने बताया कि दर्ज मुकदमे की जांच जारी है और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।






