तिर्वा में परशुराम जयंती पर भव्य शोभायात्रा, पुष्प वर्षा से हुआ स्वागत

भगवान भगवान परशुराम जयंती के पावन अवसर पर रविवार को नगर तिर्वा में भक्ति और उत्साह का अद्भुत संगम देखने को मिला। भगवान परशुराम सेवा संगठन के तत्वावधान में एक भव्य शोभायात्रा का आयोजन किया गया, जिसमें नगरवासियों ने बढ़-चढ़कर सहभागिता निभाई और जगह-जगह पुष्प वर्षा कर यात्रा का भव्य स्वागत किया।

झांकियों और बैंड-बाजों के साथ निकली भक्ति यात्रा

शोभायात्रा में भगवान परशुराम की आकर्षक झांकियां, पारंपरिक बैंड-बाजे और भगवा ध्वज विशेष आकर्षण का केंद्र रहे। वैदिक मंत्रोच्चार के बीच ब्राह्मण समाज के हजारों लोग पारंपरिक वेशभूषा में यात्रा में शामिल हुए। पूरे मार्ग में श्रद्धा, अनुशासन और धार्मिक उल्लास का वातावरण बना रहा, जिससे नगर का हर कोना भक्तिमय हो उठा।

नगरवासियों ने किया भव्य स्वागत, मिठाइयों का वितरण

शोभायात्रा नगर के प्रमुख मार्गों से होती हुई मां अन्नपूर्णा मंदिर के समीप स्थित एक निजी गेस्ट हाउस में सम्पन्न हुई। इस दौरान विधायक कैलाश राजपूत और नगर पंचायत अध्यक्ष प्रतिनिधि सौरभ गुप्ता ने श्रद्धालुओं पर पुष्प वर्षा कर स्वागत किया तथा मिठाइयों का वितरण भी किया। कस्बे के विभिन्न चौराहों, मोहल्लों और बाजारों में स्थानीय नागरिकों और व्यापारियों ने भी यात्रा पर फूल बरसाकर अपनी आस्था प्रकट की।

सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद, प्रशासन रहा मुस्तैद

कार्यक्रम के दौरान सुरक्षा व्यवस्था के पुख्ता इंतजाम किए गए थे। स्थानीय पुलिस प्रशासन पूरी तरह सतर्क और मुस्तैद रहा, जिससे शोभायात्रा शांतिपूर्ण और व्यवस्थित तरीके से सम्पन्न हो सकी।

सामाजिक संगठनों का सहयोग, उत्साह से सराबोर रहा नगर

इस आयोजन में विभिन्न सामाजिक और धार्मिक संगठनों का सक्रिय सहयोग देखने को मिला। कार्यक्रम में भाजपा जिलाध्यक्ष वीर सिंह भदौरिया, जिला मीडिया प्रभारी अभिषेक पाण्डेय सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे। परशुराम जयंती के इस अवसर पर पूरे तिर्वा नगर में उत्सव जैसा माहौल बना रहा, जिसने सामाजिक एकता और धार्मिक आस्था का संदेश दिया।

Shivpratap Singh
Shivpratap Singh

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Get regular updates on your mail from Samvad 24 News