
कन्नौज के भाजपा कार्यालय में नवगठित जिला कार्यसमिति की पहली परिचय बैठक का आयोजन किया गया। इस अवसर पर सभी नव नियुक्त पदाधिकारियों एवं कार्यसमिति सदस्यों का माल्यार्पण कर भव्य स्वागत एवं सम्मान किया गया। कार्यक्रम में संगठन को मजबूत बनाने और आगामी चुनावी रणनीति पर विशेष जोर दिया गया।
माला की हर लड़ी जिम्मेदारी का प्रतीक: असीम अरुण
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि असीम अरुण (सदर विधायक एवं समाज कल्याण मंत्री) ने अपने संबोधन में कहा कि पदाधिकारियों को पहनाई गई माला की हर एक लड़ी जिम्मेदारी का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि संगठन में जिम्मेदारियां बदलती रहती हैं, लेकिन भारतीय जनता पार्टी एक परिवार की तरह कार्य करती है, जहां हर कार्यकर्ता की भूमिका महत्वपूर्ण होती है।
2027 चुनाव लक्ष्य: तीनों सीटों पर जीत का संकल्प
जिला अध्यक्ष वीर सिंह भदौरिया ने पदाधिकारियों को संबोधित करते हुए कहा कि सभी कार्यकर्ता आज से ही तन-मन-धन से पार्टी की नीतियों और विचारधारा को जन-जन तक पहुंचाने में जुट जाएं। उन्होंने विश्वास जताया कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ पर जनता का भरोसा लगातार बढ़ रहा है, जिसे और मजबूत करना आवश्यक है। साथ ही उन्होंने आगामी 2027 विधानसभा चुनाव में जिले की तीनों सीटों पर विजय प्राप्त करने का लक्ष्य रखा।
प्रशिक्षण अभियानों की सफलता पर जोर, नेताओं ने दिए सुझाव
बैठक में संगठन द्वारा चलाए जा रहे प्रशिक्षण अभियानों की सफलता सुनिश्चित करने के लिए भी सुझाव दिए गए। जिला प्रभारी इन्द्रपाल पटेल, छिबरामऊ विधायक अर्चना पाण्डेय, तिर्वा विधायक कैलाश राजपूत, जिला पंचायत अध्यक्ष प्रिया शाक्य, क्षेत्रीय उपाध्यक्ष आनंद सिंह और पूर्व जिलाध्यक्ष नरेन्द्र राजपूत सहित अन्य नेताओं ने अपने विचार व्यक्त किए और संगठनात्मक मजबूती पर बल दिया।
निष्ठा और समर्पण के साथ कार्य करने का लिया संकल्प
कार्यक्रम के अंत में सभी नवगठित पदाधिकारियों और कार्यसमिति सदस्यों ने पार्टी के प्रति निष्ठा और समर्पण के साथ कार्य करने का संकल्प लिया। इस दौरान कई वरिष्ठ कार्यकर्ता एवं पदाधिकारी मौजूद रहे, जिनमें राजेन्द्र राजपूत, यशवंत राजपूत, श्याम स्वरूप चतुर्वेदी, हरिवक्स सिंह, रामवीर कठेरिया और श्यामवीर भदौरिया प्रमुख रूप से शामिल रहे।






