छिबरामऊ में बंद मकान से मिला किराएदार का शव, दुर्गंध से हुआ खुलासा
Share your love

संवाद 24 संवाददाता। छिबरामऊ नगर क्षेत्र में एक बंद मकान से किराएदार का सड़ा-गला शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। कई दिनों से मकान के भीतर से आ रही दुर्गंध के बाद पुलिस ने ताला तुड़वाकर अंदर प्रवेश किया, जहां 55 वर्षीय व्यक्ति का शव पड़ा मिला। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।
घटना छिबरामऊ नगर के गोविंद कॉम्प्लेक्स क्षेत्र की पीपल वाली गली, बस्तीराम मोहल्ला की बताई जा रही है। यहां किराए के मकान में रह रहे संजीव कुमार (55) पिछले करीब पांच वर्षों से अकेले रह रहे थे। रविवार शाम पड़ोसियों ने मकान से तेज दुर्गंध आने की सूचना मकान मालिक राहुल गुप्ता को दी। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई।
सूचना मिलते ही कोतवाल विष्णुकांत तिवारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। मकान बंद होने के कारण पुलिस ने ताला तुड़वाकर अंदर प्रवेश किया। भीतर कमरे में संजीव कुमार का शव पड़ा मिला, जो कई दिन पुराना प्रतीत हो रहा था। शव के सड़ जाने के कारण दुर्गंध फैल रही थी।
स्थानीय लोगों के अनुसार, संजीव कुमार नमकीन और ब्रेड का छोटा कारोबार करते थे। वह नगर क्षेत्र में फेरी लगाकर ब्रेड की सप्लाई करते थे और पिछले पांच वर्षों से परिवार से अलग रह रहे थे। बताया गया कि फेरी से लौटने के बाद वह मकान में चले जाते थे और बाहर से ताला लगवा लेते थे।
पुलिस के अनुसार, प्रारंभिक जानकारी में सामने आया है कि संजीव अविवाहित थे और शराब पीने के आदी बताए जा रहे हैं। वह पिछले कुछ समय से बीमार भी चल रहे थे। हालांकि, मौत के सही कारणों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही चल सकेगा।
घटना की जानकारी मिलते ही मृतक के परिजन भी मौके पर पहुंच गए। मृतक के भाई प्रदीप गुप्ता ने पुलिस को तहरीर दी है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजते हुए मामले की जांच शुरू कर दी है।
फिलहाल, पुलिस सभी बिंदुओं पर जांच कर रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है।






