यादव की लव स्टोरी फिल्म के विरोध में ऑल इंडिया यादव महासभा का प्रदर्शन, एसडीएम को सौंपा ज्ञापन
Share your love

संवाद 24 संवाददाता। यादव की लव स्टोरी’ नामक प्रस्तावित फिल्म को लेकर तिर्वा तहसील क्षेत्र में विरोध के स्वर तेज हो गए हैं। गुरुवार को ऑल इंडिया यादव महासभा के बैनर तले बड़ी संख्या में यादव समाज के लोगों ने तहसील परिसर पहुंचकर प्रदर्शन किया और फिल्म पर रोक लगाने की मांग उठाई।
महासभा के जिलाध्यक्ष के नेतृत्व में आयोजित इस प्रदर्शन के दौरान प्रदर्शनकारियों ने राज्यपाल को संबोधित एक ज्ञापन उपजिलाधिकारी (एसडीएम) को सौंपा। ज्ञापन में कहा गया है कि ‘यादव की लव स्टोरी’ शीर्षक से बनाई जा रही फिल्म से एक विशेष समाज की छवि धूमिल होने की आशंका है, जिससे सामाजिक सौहार्द प्रभावित हो सकता है।
प्रदर्शनकारियों का आरोप है कि फिल्म के कथानक और प्रस्तुति से समाज विशेष को नकारात्मक रूप में दर्शाने की कोशिश की जा रही है। महासभा का कहना है कि यदि समय रहते इस पर रोक नहीं लगाई गई तो इससे युवाओं में भ्रम की स्थिति उत्पन्न हो सकती है तथा सामाजिक तनाव बढ़ सकता है।
ज्ञापन के माध्यम से प्रशासन से मांग की गई है कि मामले की गंभीरता को देखते हुए फिल्म की सामग्री की जांच कराई जाए और शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए आवश्यक कार्रवाई की जाए। महासभा ने चेतावनी दी कि यदि उनकी मांगों पर ध्यान नहीं दिया गया तो आगे भी आंदोलन जारी रहेगा।
इस अवसर पर सुधीर यादव, इंद्रेश यादव, बलराम यादव, बलवीर यादव सहित यादव समाज के कई गणमान्य लोग मौजूद रहे। तहसील प्रशासन ने ज्ञापन प्राप्त कर उसे शासन स्तर पर प्रेषित करने का आश्वासन दिया है।





