सुर्सी ग्राम पंचायत में सफाई व्यवस्था बदहाल, ग्रामीणों ने जताया आक्रोश

संवाद 24 संवाददाता। उमर्दा विकासखंड की ग्राम पंचायत सुर्सी में सफाई व्यवस्था की खराब स्थिति को लेकर ग्रामीणों में भारी नाराजगी देखने को मिल रही है। ग्रामीणों का आरोप है कि कई महीनों से नियमित सफाई नहीं होने के कारण गांव की नालियां चोक हो गई हैं, जिससे सड़कों और गलियों में गंदा पानी बह रहा है तथा बदबू फैलने से संक्रामक बीमारियों का खतरा बढ़ गया है।

ग्रामीणों ने बताया कि कई बार संबंधित अधिकारियों से शिकायत करने के बावजूद स्थिति में कोई सुधार नहीं हुआ। उनका कहना है कि नालियों में जमा गंदगी और पानी के कारण आवागमन भी प्रभावित हो रहा है तथा बच्चों और बुजुर्गों के स्वास्थ्य पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ने की आशंका बनी हुई है।

कुछ ग्रामीणों ने पंचायत सचिव बाबूलाल गौतम पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए कहा कि शिकायत करने के लिए फोन किए जाने पर कई बार फोन नहीं उठाया गया। ग्रामीणों का यह भी दावा है कि एक कथित ऑडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। ग्रामीणों का कहना है कि सचिव का गांव में कम आना-जाना होने के कारण विकास कार्यों की निगरानी भी प्रभावित हो रही है।

इस संबंध में पंचायत सचिव बाबूलाल गौतम ने बताया कि उनके पास कई ग्राम पंचायतों की जिम्मेदारी है, जिसके कारण हर स्थान पर नियमित रूप से उपस्थित होना संभव नहीं हो पाता। उन्होंने आश्वासन दिया कि समय मिलते ही सफाई व्यवस्था दुरुस्त कराई जाएगी।

वहीं ग्राम प्रधान सतीश कुमार ने कहा कि शीघ्र ही विशेष सफाई अभियान चलाकर गांव की नालियों और गलियों की सफाई कराई जाएगी। खंड विकास अधिकारी उमर्दा ने भी मामले की जांच कर आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया है।

Shivpratap Singh
Shivpratap Singh

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Get regular updates on your mail from Samvad 24 News