प्रयागराज में घूस लेते प्रभारी निरीक्षक गिरफ्तार, एंटी करप्शन टीम की कार्रवाई

संवाद 24 प्रयागराज। भ्रष्टाचार के खिलाफ एंटी करप्शन टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए बारा थाना क्षेत्र के प्रभारी निरीक्षक को रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई बुधवार दोपहर थाने के भीतर की गई, जिससे पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया।

जानकारी के अनुसार, बारा थाने के प्रभारी निरीक्षक विनोद कुमार सोनकर पर एक मुकदमे में फाइनल रिपोर्ट लगाने के बदले शिकायतकर्ता से 75 हजार रुपये की रिश्वत मांगने का आरोप था। शिकायत मिलने के बाद एंटी करप्शन टीम ने मामले का गोपनीय सत्यापन किया, जिसमें आरोप प्रथम दृष्टया सही पाए गए। इसके बाद टीम ने योजनाबद्ध तरीके से ट्रैप बिछाया।

निर्धारित योजना के तहत शिकायतकर्ता तय रकम लेकर थाना परिसर पहुंचा। जैसे ही प्रभारी निरीक्षक ने 75 हजार रुपये अपने हाथ में लिए, पहले से मौके पर मौजूद एंटी करप्शन टीम ने तत्काल कार्रवाई करते हुए उन्हें गिरफ्तार कर लिया। मौके पर आवश्यक कानूनी औपचारिकताएं पूरी की गईं और आरोपी अधिकारी को आगे की जांच के लिए हिरासत में लिया गया।

बताया जा रहा है कि गिरफ्तार प्रभारी निरीक्षक मूल रूप से वाराणसी जनपद के निवासी हैं और वर्ष 2012 में दरोगा पद से पदोन्नत होकर निरीक्षक बने थे। एंटी करप्शन टीम अब मामले से जुड़े दस्तावेजों की जांच कर रही है तथा आगे की विधिक कार्रवाई जारी है।

Shivpratap Singh
Shivpratap Singh

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *