कन्नौज कलक्ट्रेट में सफाई कर्मियों का प्रदर्शन, 27 फरवरी से आंदोलन की चेतावनी
Share your love

संवाद 24 संवाददाता। अपनी विभिन्न मांगों को लेकर सोमवार को कन्नौज कलक्ट्रेट परिसर में सफाई कर्मियों ने जोरदार प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के दौरान कर्मियों ने नारेबाजी करते हुए प्रशासन को चेतावनी दी कि यदि 26 फरवरी तक उनकी मांगों पर कार्रवाई नहीं हुई तो 27 फरवरी से उग्र आंदोलन किया जाएगा।
प्रदर्शन राष्ट्रीय सफाई कर्मचारी महासंघ के जिलाध्यक्ष राजा बाल्मीकि तथा भीम आर्मी के जिलाध्यक्ष सूरज कुमार के नेतृत्व में किया गया। दोपहर के समय बड़ी संख्या में सफाई कर्मी कलक्ट्रेट पहुंचे और डीएम कार्यालय के बाहर एकत्र होकर अपनी समस्याओं को लेकर आवाज उठाई। प्रदर्शन की सूचना मिलने पर अतिरिक्त एसडीएम नवनीता राय मौके पर पहुंचीं और प्रदर्शनकारियों से वार्ता की।
इस दौरान सफाई कर्मियों ने जिलाधिकारी को संबोधित पांच सूत्रीय ज्ञापन अतिरिक्त एसडीएम को सौंपा। प्रतिनिधियों ने कहा कि फिलहाल वे शांतिपूर्ण तरीके से निवेदन करने आए हैं, लेकिन यदि तय समय सीमा तक समस्याओं का समाधान नहीं किया गया तो 27 फरवरी को व्यापक आंदोलन किया जाएगा।
सफाई कर्मियों ने आरोप लगाया कि शासन के आदेश के बावजूद नगर पालिकाओं और नगर पंचायतों में उन्हें साप्ताहिक अवकाश नहीं दिया जा रहा है। इसके अलावा नगर पालिका गुरसहायगंज के 97 आउटसोर्सिंग कर्मियों का लगभग 25 माह का ईपीएफ जमा नहीं किया गया है, जिससे कर्मचारियों में नाराजगी है।
ज्ञापन में सभी सफाई कर्मियों को सुरक्षा उपकरण, वर्दी और पहचान पत्र उपलब्ध कराने, तिर्वा नगर पंचायत के कर्मचारियों का आठ वर्ष से लंबित महंगाई भत्ता दिलाने तथा सभी कर्मियों का नियमित रूप से ईपीएफ काटने की मांग भी शामिल है। प्रदर्शनकारियों ने प्रशासन से जल्द कार्रवाई की मांग करते हुए चेतावनी दी कि समस्याओं का समाधान न होने पर आंदोलन को तेज किया जाएगा।





