मतदाता सूची पुनरीक्षण-2026: कन्नौज में रिकॉर्ड आवेदन, 6 फरवरी तक दावे-आपत्तियां
Share your love

संवाद 24 संवाददाता। भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार जनपद कन्नौज में विधानसभा निर्वाचक नामावलियों का विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण-2026 कार्य तेजी से चल रहा है। यह प्रक्रिया अर्हता तिथि 01 जनवरी 2026 के आधार पर संपन्न कराई जा रही है, जिसका उद्देश्य शुद्ध, अद्यतन और त्रुटिरहित मतदाता सूची तैयार करना है।
निर्वाचन कार्यालय से प्राप्त जानकारी के अनुसार 27 जनवरी 2026 से 02 फरवरी 2026 तक प्राप्त प्रपत्र-6, 7 और 8 की सूचियां जनपद के सभी मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों को साप्ताहिक रूप से उपलब्ध करा दी गई हैं। इन सूचियों के माध्यम से दलों को अपने स्तर पर सत्यापन का अवसर दिया गया है।
राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों से अनुरोध किया गया है कि वे स्वयं या अपने बूथ लेवल एजेंट (बीएलए) के माध्यम से 06 फरवरी 2026 तक संबंधित बीएलओ को दावे और आपत्तियां अनिवार्य रूप से उपलब्ध कराएं, ताकि उनका समयबद्ध और प्रभावी निस्तारण किया जा सक
आलेख्य प्रकाशन अवधि 06 जनवरी से 04 फरवरी 2026 के बीच जनपद में कुल 27,043 फॉर्म-6, 1,065 फॉर्म-7 और 6,018 फॉर्म-8 आवेदन प्राप्त हुए हैं।
विधानसभा क्षेत्र 196-छिबरामऊ में फॉर्म-6 के 10,424, फॉर्म-7 के 721 और फॉर्म-8 के 2,898 आवेदन मिले।
विधानसभा क्षेत्र 197-तिर्वा में फॉर्म-6 के 8,281, फॉर्म-7 के 168 और फॉर्म-8 के 1,436 आवेदन प्राप्त हुए।
विधानसभा क्षेत्र 198-कन्नौज में फॉर्म-6 के 8,338, फॉर्म-7 के 176 और फॉर्म-8 के 1,684 आवेदन दर्ज किए गए।
सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी विनीत कटियार ने मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों से अपील की कि जेंडर रेशियो में सुधार के उद्देश्य से अधिक से अधिक महिला मतदाताओं के पंजीकरण में सक्रिय सहयोग प्रदान करें।
उन्होंने बताया कि निर्वाचन आयोग ने मतदाताओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए एक महत्वपूर्ण निर्णय लिया है। अब मतदाताओं द्वारा अपलोड किए गए दस्तावेजों के सत्यापन के लिए डीईओ पोर्टल से वैधता सत्यापन की प्रक्रिया समाप्त कर दी गई है। यह सत्यापन अब सीधे ईआरओ/एईआरओ स्तर पर किया जाएगा, जिससे प्रक्रिया अधिक सरल, त्वरित और पारदर्शी बनेगी।
विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण-2026 का मुख्य लक्ष्य यह सुनिश्चित करना है कि जनपद का कोई भी पात्र नागरिक मतदाता सूची से वंचित न रहे और लोकतांत्रिक प्रक्रिया में सभी की भागीदारी सुनिश्चित हो सके।






