कन्नौज में नोएडा से लौटे डिलीवरी बॉय ने की आत्महत्या, गांव के बाहर पेड़ पर मिला शव
Share your love

संवाद 24 संवाददाता। तालग्राम थाना क्षेत्र अंतर्गत सलेमपुर आसफपुर पट्टी गांव में गुरुवार सुबह एक युवक द्वारा आत्महत्या किए जाने का मामला सामने आया है। युवक का शव गांव के बाहर एक सूखे शीशम के पेड़ पर लटका मिला, जिससे क्षेत्र में सनसनी फैल गई।
मृतक की पहचान सलेमपुर आसफपुर पट्टी निवासी 25 वर्षीय अंकित पाल पुत्र स्वर्गीय घनश्याम पाल के रूप में हुई है। परिजनों के अनुसार अंकित नोएडा में एक निजी कंपनी में डिलीवरी बॉय के रूप में कार्यरत था और रोज़गार के सिलसिले में वहीं रह रहा था।
बताया गया है कि अंकित बुधवार देर रात नोएडा से अपने गांव लौटा था। उसने गांव पहुंचने की सूचना फोन के माध्यम से परिजनों को दी थी। इसके बाद गुरुवार सुबह गांव के बाहर सूखे शीशम के पेड़ पर उसका शव फंदे से लटका हुआ मिला। घटनास्थल के पास से युवक की बाइक, बैग और हेलमेट भी बरामद किए गए हैं।
सूचना मिलने पर तालग्राम पुलिस मौके पर पहुंची और शव को नीचे उतरवाकर कब्जे में लिया। पुलिस ने पंचनामा भरने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
थाना प्रभारी विनय शर्मा ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी। इस घटना के बाद गांव में शोक का माहौल बना हुआ है और परिजन गहरे सदमे में हैं।






