
संवाद 24 संवाददाता। राजेपुर थाना क्षेत्र के तुर्कहटा गांव में नाली बंद करने को लेकर उपजा विवाद हिंसा में बदल गया। गांव की एक महिला ने आरोप लगाया है कि उसके घर के सामने बनी नाली को दो पड़ोसी ग्रामीणों ने मिट्टी डालकर बंद कर दिया। जब उसने इसका विरोध किया तो उसके साथ गाली-गलौज करते हुए मारपीट की गई।
पीड़िता के अनुसार नाली बंद होने से गंदा पानी उसके घर में भर गया, जिससे परिवार को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। इसी समस्या को लेकर जब उसने पड़ोसियों से आपत्ति जताई तो मामला बिगड़ गया। महिला का कहना है कि आरोपी ग्रामीण पहले भी इसी तरह नाली बंद कर चुके हैं और विरोध करने पर लाठी-डंडों से मारपीट कर चुके हैं।
घटना के बाद पीड़िता ने राजेपुर थाने पहुंचकर लिखित शिकायत दर्ज कराई है। उसने आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।
इस मामले में राजेपुर थाना अध्यक्ष सुदेश कुमार ने बताया कि महिला की तहरीर प्राप्त हो गई है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और जांच के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।
गांव में इस घटना के बाद तनाव का माहौल बना हुआ है, वहीं ग्रामीणों में भी इस विवाद को लेकर चर्चा तेज है।






