आशुतोष हत्याकांड में कार्रवाई तेज: 11 नामजद आरोपियों पर हत्या का केस दर्ज

संवाद 24, फर्रूखाबाद। थाना जहानगंज क्षेत्र के ग्राम कोरीखेड़ा में 10 वर्षीय बालक आशुतोष की अपहरण के बाद हत्या के मामले में पहले से प्रकाशित खबर के बाद अब पुलिस ने कार्रवाई तेज कर दी है। प्रारंभिक रूप से दर्ज अपहरण के मुकदमे को तरमीम करते हुए पुलिस ने हत्या की धाराएं जोड़ दी हैं और 11 नामजद आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है।

गौरतलब है कि आशुतोष, पुत्र चन्द्रप्रकाश गुप्ता, बीते 10 दिसंबर की शाम घर से लापता हो गया था। परिजनों की सूचना पर पुलिस ने गुमशुदगी व अपहरण का मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की थी। सीसीटीवी फुटेज, डॉग स्क्वायड और स्थानीय स्तर पर की गई खोजबीन के बावजूद बच्चे का कोई पता नहीं चल सका था।

रविवार को गांव के ही एक खेत में आशुतोष का कोट मिलने के बाद खोजबीन तेज की गई, जिसके कुछ ही समय बाद भरतापुर–झंसी मार्ग स्थित आलू के खेत से बालक का शव बरामद हुआ। शव मिलने की पुष्टि के बाद पुलिस ने मामले को गंभीर अपराध मानते हुए हत्या की धाराओं में तरमीम किया।

पुलिस के अनुसार चन्द्रपाल, सुबोध सिंह, कमलेश सिंह, सुनील पाल, संतीय उर्फ कालू, शनी राजपूत, आदित्य राजपूत, कौशल शर्मा, अशु नाट्य, पवन राजपूत और सुनील शर्मा को इस मामले में नामजद किया गया है। सभी आरोपियों की भूमिका की गहन जांच की जा रही है।

घटना से पूरे गांव में दहशत और आक्रोश का माहौल है। परिजनों ने आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी और कड़ी कार्रवाई की मांग की है। थानाध्यक्ष राजेश राय ने बताया कि मामले की विवेचना जारी है और साक्ष्यों के आधार पर जल्द ही घटना का खुलासा किया जाएगा।

Samvad 24 Office
Samvad 24 Office

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *