2 साल से बंद मकान बना चोरों का निशाना! एसी, एलईडी, वॉशिंग मशीन समेत लाखों का सामान गायब

फर्रुखाबाद। जनपद के मऊ दरवाजा थाना क्षेत्र के बीबीगंज मोहल्ले में लंबे समय से बंद पड़े एक मकान को चोरों ने निशाना बना लिया। घर से एसी, वॉशिंग मशीन, एलईडी टीवी, इनवर्टर बैटरी, गैस सिलेंडर, गैस चूल्हा सहित कई घरेलू सामान चोरी होने का मामला सामने आया है। पीड़िता ने पुलिस को तहरीर देकर रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई की मांग की है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

पीड़िता सुजाता भारद्वाज, निवासी चीनी ग्राम, ने मऊ दरवाजा थाने में दी गई तहरीर में बताया कि उनका बीबीगंज स्थित मकान काफी समय से बंद था। बुधवार सुबह मोहल्ले के लोगों ने सूचना दी कि मकान के बाहर एक सूटकेस पड़ा है और घर के अंदर संदिग्ध स्थिति दिखाई दे रही है। सूचना मिलने पर वह मौके पर पहुंचीं तो घर का सामान अस्त-व्यस्त मिला।

फर्रुखाबाद के बीबीगंज में बंद घर में चोरी, तिजोरी का ताला भी टूटा; पुलिस जांच में जुटी

पीड़िता के अनुसार घर की तलाशी लेने पर पता चला कि एक एसी, वॉशिंग मशीन, एलईडी टीवी, इनवर्टर बैटरी, गैस सिलेंडर, गैस चूल्हा तथा किचन का अन्य सामान गायब था। इसके अलावा तिजोरी का ताला खुला मिला और उसमें रखा सामान भी नहीं था। कमरे में रखे बक्सों का सामान भी बिखरा पड़ा मिला, जिससे आशंका है कि चोरों ने पूरे घर की तलाशी ली।

घटना के बाद सुजाता भारद्वाज ने पुलिस से अज्ञात चोरों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर चोरी गए सामान की बरामदगी और दोषियों की गिरफ्तारी की मांग की है।

मामले में मऊ दरवाजा प्रभारी निरीक्षक वीरेंद्र सिंह ने बताया कि चोरी की सूचना प्राप्त हुई है। प्रारंभिक जांच में यह सामने आया है कि संबंधित मकान लगभग दो वर्ष से बंद था। उन्होंने कहा कि दरवाजा टूटने की बात प्रथम दृष्टया स्पष्ट नहीं है और सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। जांच के आधार पर आगे की आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Anuj Singh
Anuj Singh

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *