फर्रुखाबाद में महाराणा प्रताप की प्रतिमा का अनावरण: जयवीर सिंह बोले- राष्ट्रभक्ति और राष्ट्रद्रोह की पहचान जरूरी

उत्तर प्रदेश के फर्रुखाबाद में महाराणा प्रताप जयंती के अवसर पर शनिवार को रोडवेज बस स्टैंड परिसर में महाराणा प्रताप की प्रतिमा का भव्य अनावरण किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचे प्रदेश के पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह ने कहा कि इतिहास में हर दौर में दो तरह के लोग रहे हैं—एक वे जिनकी निष्ठा राष्ट्र और स्वाभिमान के प्रति रही, जबकि दूसरे वे जो राष्ट्रद्रोही मानसिकता के साथ देश के खिलाफ खड़े रहे। उन्होंने कहा कि समाज को ऐसे तत्वों की पहचान करनी चाहिए जो आक्रांताओं का महिमामंडन करते हैं और तुष्टिकरण की राजनीति को बढ़ावा देते हैं।

प्रतिमा अनावरण के दौरान लगे जयकारे, युवाओं में दिखा उत्साह

महाराणा प्रताप जयंती पर आयोजित इस कार्यक्रम में बड़ी संख्या में लोग सुबह से ही जुटने लगे थे। प्रतिमा अनावरण के समय “महाराणा प्रताप अमर रहें” और “जय महाराणा” के नारों से पूरा परिसर गूंज उठा। युवाओं ने मोबाइल की फ्लैशलाइट जलाकर मंत्री का स्वागत किया और प्रतिमा स्थापना के लिए आभार जताया। कार्यक्रम स्थल पर युवाओं और युवतियों में तलवार लेकर महाराणा प्रताप की प्रतिमा के साथ फोटो खिंचवाने की विशेष उत्सुकता दिखाई दी।

अखिल भारतीय क्षत्रिय महासभा की मांग पर लगी प्रतिमा

अखिल भारतीय क्षत्रिय महासभा के वरिष्ठ राष्ट्रीय उपाध्यक्ष वीरेंद्र सिंह राठौर ने बताया कि संगठन लंबे समय से रोडवेज बस स्टैंड पर महाराणा प्रताप की प्रतिमा स्थापित कराने की मांग कर रहा था। उन्होंने कहा कि पर्यटन मंत्री जयवीर सिंह ने इस प्रस्ताव को स्वीकृति दिलाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। बस स्टैंड परिसर में प्रतिमा स्थापना के लिए एनओसी की आवश्यकता थी, जिसे परिवहन विभाग से मंजूरी दिलवाने के बाद यह कार्य संभव हो सका।

सांसद और विधायकों ने बताया गौरव का क्षण

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सांसद मुकेश राजपूत ने कहा कि महाराणा प्रताप की प्रतिमा स्थापित होना पूरे क्षेत्र के लिए गौरव की बात है। उन्होंने कहा कि महाराणा प्रताप ने जीवनभर सम्मान और राष्ट्र की रक्षा के लिए संघर्ष किया और मुगलों के खिलाफ कई युद्ध लड़े। वहीं सदर विधायक मेजर सुनील दत्त द्विवेदी ने कहा कि महाराणा प्रताप का त्याग और राष्ट्रभक्ति आने वाली पीढ़ियों को प्रेरणा देती रहेगी। उन्होंने यह भी बताया कि पुरानी घटिया घाट समेत कई विकास कार्य पर्यटन विभाग के माध्यम से कराए गए हैं।

मंत्री ने विपक्ष पर साधा निशाना

अपने संबोधन में मंत्री जयवीर सिंह ने कहा कि लंबे समय तक देश में धर्मनिरपेक्षता के नाम पर तुष्टिकरण की राजनीति की गई और राष्ट्रनायकों को पीछे धकेलने का प्रयास हुआ। उन्होंने कहा कि वर्तमान में देश का नेतृत्व प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और उत्तर प्रदेश का नेतृत्व मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ कर रहे हैं, जिसके कारण राष्ट्रनायकों को सम्मान मिल रहा है। उन्होंने यह भी घोषणा की कि जिले में 29 करोड़ रुपये की विभिन्न विकास योजनाओं का शुभारंभ किया जाएगा।

खाने के पैकेट को लेकर अव्यवस्था, कई पैकेट गिरे

कार्यक्रम समाप्त होने के बाद भोजन वितरण के दौरान अव्यवस्था की स्थिति देखने को मिली। खाने के पैकेट लेने के लिए लोगों की भीड़ गाड़ी के आसपास जमा हो गई, जिससे छीना-झपटी जैसी स्थिति बन गई। इस दौरान कई पैकेट जमीन पर गिर गए और पूड़ी-सब्जी फर्श पर बिखरी दिखाई दी।

मंच पर मौजूद रहे कई जनप्रतिनिधि और अधिकारी

कार्यक्रम में सांसद मुकेश राजपूत, विधायक मेजर सुनील दत्त द्विवेदी, विधायक सुशील शाक्य, विधायक नागेंद्र सिंह राठौर, विधायक डॉ. सुरभि, डीएम डॉ. अंकुर लाठर, एसपी आरती सिंह, भाजपा जिलाध्यक्ष फतेहचंद वर्मा, भाजपा जिला उपाध्यक्ष जितेंद्र सिंह समेत कई जनप्रतिनिधि और प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे।

Anuj Singh
Anuj Singh

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Get regular updates on your mail from Samvad 24 News