फर्रुखाबाद में आबकारी विभाग का बड़ा एक्शन: 28 लीटर कच्ची शराब बरामद, 260 किलो लहन नष्ट
Share your love

जनपद फर्रुखाबाद में अवैध शराब कारोबारियों के खिलाफ आबकारी विभाग ने सख्त अभियान चलाते हुए बड़ी कार्रवाई की। आबकारी आयुक्त उत्तर प्रदेश के निर्देश तथा जिलाधिकारी डॉ. अंकुर लाठर के आदेश पर जिला आबकारी अधिकारी जी.पी. गुप्ता के पर्यवेक्षण में विशेष प्रवर्तन अभियान लगातार संचालित किया जा रहा है। शुक्रवार को आबकारी निरीक्षक क्षेत्र-2 सुधांशु चौधरी के नेतृत्व में टीम ने कायमगंज कोतवाली क्षेत्र के नरसिंहपुर गांव में दबिश देकर अवैध शराब के संदिग्ध ठिकानों पर छापेमारी की।
28 लीटर कच्ची शराब बरामद, मौके पर नष्ट कराया गया लहन
छापेमारी के दौरान टीम ने 28 लीटर कच्ची शराब बरामद की, जबकि लगभग 260 किलोग्राम लहन भी मौके से कब्जे में लिया गया। आबकारी विभाग ने बरामद लहन को तत्काल नष्ट कराया ताकि दोबारा अवैध शराब निर्माण न हो सके। कार्रवाई के दौरान संबंधित आरोपियों के खिलाफ आबकारी अधिनियम की धाराओं में दो अभियोग भी दर्ज किए गए। विभाग की इस कार्रवाई से अवैध शराब कारोबारियों में हड़कंप की स्थिति देखी गई।
शराब दुकानों पर औचक निरीक्षण से मचा खलबली
अभियान के अगले चरण में आबकारी टीम ने क्षेत्र की कई देशी शराब और कंपोजिट दुकानों पर औचक निरीक्षण किया। धमगवा, लुधैया पावर हाउस, चंदूइया, अचरा सहित विभिन्न दुकानों पर स्टॉक रजिस्टर, पीओएस मशीन से बिक्री, ऑनलाइन भुगतान व्यवस्था और सीसीटीवी कैमरों की गहन जांच की गई। अधिकारियों ने देशी शराब दुकानों की कैंटीनों की भी सघन तलाशी लेकर व्यवस्थाओं का सत्यापन किया।
अवैध शराब कारोबार पर लगातार सख्ती के संकेत
आबकारी विभाग के अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि जनपद में अवैध शराब निर्माण, बिक्री और तस्करी के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा। विभाग का उद्देश्य अवैध शराब कारोबार पर पूरी तरह अंकुश लगाना और आमजन की सुरक्षा सुनिश्चित करना है। प्रशासन की इस सख्ती के बाद क्षेत्र में अवैध शराब कारोबारियों में भय का माहौल बना हुआ है।






