पीडीए समाज के महान पथ प्रदर्शक थे महात्मा फुले: चंद्रपाल सिंह यादव

आवास विकास स्थित समाजवादी पार्टी के जिला कार्यालय में शनिवार को महात्मा ज्योतिबा राव फुले की जयंती पर गोष्ठी का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता पार्टी जिलाध्यक्ष चंद्रपाल सिंह यादव ने की। इस दौरान पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने महात्मा फुले के चित्र पर माल्यार्पण कर उनके जीवन, संघर्ष और सामाजिक विचारों को याद किया। कार्यक्रम के प्रभारी अनुसूचित जाति प्रकोष्ठ के जिलाध्यक्ष संतोष दिवाकर रहे, जबकि संचालन मुन्ना यादव एडवोकेट ने किया।

महात्मा फुले ने समाज में समता का संदेश दिया

गोष्ठी को संबोधित करते हुए जिलाध्यक्ष चंद्रपाल सिंह यादव ने कहा कि महात्मा ज्योतिबा फुले का पूरा जीवन पीडीए समाज और वंचित वर्गों के उत्थान के लिए समर्पित रहा। उन्होंने समाज में समानता, शिक्षा और सामाजिक न्याय की अलख जगाई। चंद्रपाल सिंह यादव ने कहा कि महात्मा फुले सदैव पाखंड, छुआछूत और अज्ञानता के खिलाफ खड़े रहे तथा उनके विचार आज भी समाज को दिशा देने वाले हैं।

उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में भी महात्मा फुले के विचार प्रासंगिक हैं और सामाजिक समरसता के लिए उनका अनुसरण जरूरी है। देशभर में महात्मा फुले को सामाजिक क्रांति, शिक्षा और वंचित समाज के उत्थान के प्रतीक के रूप में याद किया जाता है।

बेहतर समाज निर्माण के लिए प्रेरणा हैं फुले के विचार

प्रदेश सचिव एवं कायमगंज विधानसभा के पूर्व प्रत्याशी सर्वेश अंबेडकर ने कहा कि महात्मा फुले आज भले ही हमारे बीच नहीं हैं, लेकिन उनके विचार आज भी समाज को नई दिशा देने का काम कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि महात्मा फुले ने महिलाओं की शिक्षा, पिछड़े वर्गों के अधिकार और सामाजिक न्याय के लिए जो संघर्ष किया, वह आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणा बना रहेगा।

सर्वेश अंबेडकर ने कहा कि महात्मा फुले के महान विचारों को अपनाकर ही एक बेहतर और समतामूलक समाज का निर्माण किया जा सकता है। देशभर में महात्मा फुले की जयंती पर विभिन्न राजनीतिक और सामाजिक संगठनों ने उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की और उनके योगदान को याद किया।

संतोष दिवाकर का किया गया स्वागत

कार्यक्रम के दौरान अनुसूचित जाति प्रकोष्ठ के नव-नियुक्त जिलाध्यक्ष संतोष दिवाकर का फूल-माला पहनाकर स्वागत किया गया। इस अवसर पर जिला महासचिव इलियास मंसूरी, जिला उपाध्यक्ष अजीत यादव, जिला सचिव निजाम अंसारी, प्रदेश उपाध्यक्ष समाजवादी छात्र सभा राजपाल यादव, महानगर अध्यक्ष यूथ ब्रिगेड शिवम पटेल, जिला महासचिव समाजवादी युवजन सभा जियाउल हक, एडवोकेट सद्दाम हुसैन, बालिस्टर सिंह यादव, जितेंद्र सिंह यादव, नागेंद्र सिंह यादव, अशोक अंबेडकर, केशव पाल और विवेक भारद्वाज सहित कई पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Anuj Singh
Anuj Singh

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Get regular updates on your mail from Samvad 24 News