पशु-बाड़े में आग और आरोपों का धुआं: कायमगंज की घटना से गांव में दहशत

संवाद 24 संवाददाता। जिले के कायमगंज कोतवाली क्षेत्र के जिजपुरा गांव में मंगलवार को एक सनसनीखेज घटना सामने आई। 21 वर्षीय युवती नीलम अपने घर से कुछ दूरी पर बने पशु-बाड़े में गंभीर रूप से जली हुई अवस्था में मिली। परिजनों की सूचना पर उसे तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कायमगंज ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद हालत नाजुक होने पर उसे लोहिया अस्पताल फर्रुखाबाद रेफर कर दिया गया। युवती अस्पताल में जिंदगी और मौत के बीच जूझ रही है।

बताया जा रहा है कि नीलम रोज की तरह घर से लगभग 150 मीटर दूर स्थित पशुओं के बाड़े में गई थी। कुछ देर बाद उसकी कराहने की आवाज सुनकर पास में घास काट रही उसकी पारिवारिक दादी सतानों देवी मौके पर पहुंचीं। वहां उन्होंने नीलम को गंभीर रूप से जला हुआ पाया और तत्काल परिजनों को सूचना दी। परिजन उसे आनन-फानन में अस्पताल लेकर पहुंचे।

अस्पताल में उपचार के दौरान नीलम ने आरोप लगाया कि एक नकाबपोश युवक बाड़े में आया, उसके साथ मारपीट की, मुंह पर टेप चिपकाया और पेट्रोल छिड़ककर आग लगा दी। घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। परिजनों के अनुसार नीलम अपने पांच भाइयों में इकलौती बहन है और उसके पिता महेंद्र की दो वर्ष पूर्व मृत्यु हो चुकी है। परिवार की आर्थिक स्थिति सामान्य बताई जा रही है।

सूचना मिलते ही प्रभारी निरीक्षक मदन मोहन चतुर्वेदी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने बाड़े से युवती के जले कपड़े और एक खाली बोतल बरामद की है, जिसे जांच के लिए सुरक्षित कर लिया गया है। मौके का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं।

प्रभारी निरीक्षक ने बताया कि मामला प्रथम दृष्टया संदिग्ध प्रतीत हो रहा है। पुलिस हमले, रंजिश, पारिवारिक विवाद तथा अन्य संभावित कोणों को ध्यान में रखते हुए जांच कर रही है। अभी तक तहरीर नहीं मिली है, तहरीर प्राप्त होते ही मुकदमा दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

घटना के बाद जिजपुरा गांव में दहशत का माहौल है। ग्रामीणों ने क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की है। वहीं पुलिस का कहना है कि आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है और संदिग्ध व्यक्तियों की पहचान के प्रयास जारी हैं।

फिलहाल युवती की हालत गंभीर बनी हुई है और पुलिस की जांच रिपोर्ट के बाद ही घटना की वास्तविक परिस्थितियां स्पष्ट हो सकेंगी।

Anuj Singh
Anuj Singh

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Get regular updates on your mail from Samvad 24 News