घर के आंगन में बहा खून, पत्नी की हत्या कर पति बैठा रहा शव के पास

संवाद 24 संवाददाता। जनपद के जहानगंज थाना क्षेत्र में बुधवार को घरेलू विवाद ने खौफनाक रूप ले लिया। गांव जरारी के मजरा खलासपुर में शराब के नशे में धुत एक पति ने पत्नी पर चाकू से ताबड़तोड़ वार कर उसकी निर्मम हत्या कर दी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने आरोपी पति को मौके से गिरफ्तार कर हत्या में प्रयुक्त चाकू बरामद कर लिया।

घटना के अनुसार, खलासपुर निवासी सांचेलाल कठेरिया बुधवार दोपहर करीब 12:30 बजे घर पहुंचा। उस समय बच्चे छत पर थे और पत्नी अनीता देवी उर्फ नन्हीं देवी (32) घर के भीतर काम कर रही थीं। इसी दौरान पति-पत्नी के बीच कहासुनी हुई, जो देखते ही देखते गाली-गलौज और मारपीट में बदल गई। आरोप है कि सांचेलाल ने रसोई में रखा चाकू उठाकर पत्नी की गर्दन, हाथ और पैर पर कई वार किए, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।

खून से सना शव आंगन में देख बच्चों की चीख-पुकार सुनकर आसपास के ग्रामीण एकत्र हो गए। ग्रामीणों ने तत्काल यूपी 112 पर सूचना दी। सूचना मिलते ही जहानगंज थाना के थानाध्यक्ष राजेश राय पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और शव के पास बैठे आरोपी पति को हिरासत में ले लिया।

घटनास्थल पर पहुंचे अरुण कुमार सिंह ने परिजनों से पूछताछ की और मौके का निरीक्षण किया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी को पत्नी के किसी युवक से कथित प्रेम प्रसंग का शक था, इसी को लेकर विवाद बढ़ा और हत्या की घटना हुई।

पुलिस अधिकारियों के अनुसार, आरोपी के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है। बरामद चाकू को साक्ष्य के रूप में जब्त कर लिया गया है। मामले की विस्तृत जांच जारी है और पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर साक्ष्य संकलन कर रही है।

Anuj Singh
Anuj Singh

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *