किराये के नाम पर कब्जा: अधिकारी पर डॉक्टर का मकान हड़पने का आरोप, डीएम से न्याय की गुहार
Share your love

संवाद 24 संवाददाता। आवास विकास कॉलोनी में किराये पर दिए गए मकान पर एक अधिकारी द्वारा कब्जा किए जाने का मामला सामने आया है। पीड़ित परिवार का आरोप है कि कई बार नोटिस देने के बावजूद अधिकारी ने मकान खाली नहीं किया, बल्कि अब पुलिस के जरिए डराने-धमकाने की कोशिश की जा रही है। पीड़ित ने बुधवार को जिलाधिकारी से शिकायत कर न्याय की मांग की है।
कमालगंज निवासी डॉ. मनोज कुमार की पत्नी सीमा देवी ने जिलाधिकारी को दिए प्रार्थना पत्र में बताया कि उन्होंने 13 सितंबर 2024 को शहर की आवास विकास कॉलोनी में एक मकान खरीदा था। कुछ समय बाद एक अधिकारी ने उनसे मकान किराये पर लिया। बड़े पद और प्रभाव के चलते उन्होंने भरोसा कर मकान दे दिया।
आरोप है कि अधिकारी ने मकान लेने के दौरान घरेलू सामान, बेड और अन्य जरूरी वस्तुएं भी मकान मालिक से ही खरीदवाईं। वर्तमान में अधिकारी अपने परिवार के साथ भूतल पर रह रहे हैं, जबकि प्रथम तल पर उनका चालक और सहायक निवास कर रहे हैं। इसके बावजूद दोनों तलों का किराया नियमित रूप से नहीं दिया जा रहा है। पीड़िता का यह भी आरोप है कि बिजली का बिल भी उनसे ही जमा कराया गया।
शिकायत के अनुसार, एक वर्ष बीतने के बाद जब मकान खाली करने के लिए कहा गया तो अधिकारी ने दो महीने का समय मांगा और यह कहकर टाल दिया कि उनका जल्द ही तबादला होने वाला है। 10 जनवरी को मकान की चाबी लौटाने का आश्वासन दिया गया, लेकिन तय तारीख बीत जाने के बाद भी मकान खाली नहीं हुआ।
सीमा देवी ने बताया कि 12 जनवरी को जब उनके पति अधिकारी से मिलने पहुंचे तो उनसे मिलने से इनकार कर दिया गया। इसके बाद कथित रूप से पुलिस के माध्यम से फोन करवाकर परिवार को डराया-धमकाया जा रहा है।
मामले में जिलाधिकारी से हस्तक्षेप कर मकान खाली कराने और न्याय दिलाने की मांग की गई है। प्रशासन की ओर से अभी तक इस शिकायत पर कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।






