हलफनामे में झूठ बोला तो नपेंगे नेताजी: सुप्रीम कोर्ट का ऐतिहासिक फैसला, अब आम जनता सीधे दर्ज करा सकेगी आपराधिक केस!

​संवाद 24 नई दिल्ली।​ देश की चुनावी राजनीति में शुचिता, पारदर्शिता और जनता के अधिकारों को लेकर सुप्रीम कोर्ट ने एक बेहद युगांतरकारी फैसला सुनाया है। अब चुनाव जीतने के लिए नामांकन पत्र और हलफनामे में झूठी जानकारी देने या अहम संपत्तियों, मुकदमों व निजी विवरणों को छिपाने वाले नेताओं की खैर नहीं होगी। शीर्ष अदालत ने स्पष्ट कर दिया है कि चुनावी हलफनामे में हेराफेरी करने वाले निर्वाचित जनप्रतिनिधियों के खिलाफ देश का कोई भी आम नागरिक सीधे आपराधिक शिकायत दर्ज करा सकता है। इस फैसले ने उस पुरानी कानूनी ढाल को ध्वस्त कर दिया है जिसके तहत नेता यह दलील देते थे कि उन पर केवल चुनाव आयोग या कोई अधिकृत सरकारी अफसर ही केस दर्ज कर सकता है।

​CrPC की धारा 195 अब नहीं बनेगी ढाल​
जस्टिस दीपांकर दत्ता और जस्टिस शील नागू की खंडपीठ ने इस महत्वपूर्ण मामले की सुनवाई करते हुए व्यवस्था दी कि जनप्रतिनिधित्व अधिनियम (RPA) की धारा 125ए के तहत दर्ज होने वाले मामलों में आम जनता की शिकायत पूरी तरह से कानूनी रूप से वैध है। अदालत ने साफ शब्दों में कहा कि ऐसे मामलों में दंड प्रक्रिया संहिता (CrPC) की धारा 195 के तहत लगने वाली तकनीकी पाबंदियां आम नागरिक द्वारा शिकायत दर्ज कराने के रास्ते में बाधा नहीं बनेंगी। अदालत ने अपने आदेश में रेखांकित किया कि किसी भी लोकतांत्रिक व्यवस्था में मतदाता को यह जानने का बुनियादी अधिकार है कि वह जिसे अपना प्रतिनिधि चुन रहा है, उसकी पृष्ठभूमि, चल-अचल संपत्ति, देनदारियां, आपराधिक रिकॉर्ड और शैक्षणिक योग्यता क्या है। यदि कोई उम्मीदवार नामांकन भरते समय झूठ बोलता है या तथ्यों से खिलवाड़ करता है, तो वह केवल चुनाव आयोग को नहीं, बल्कि उस निर्वाचन क्षेत्र के प्रत्येक नागरिक और लोकतंत्र की नींव को धोखा देता है। इसलिए किसी आम नागरिक की शिकायत को महज इस तकनीकी आधार पर कूड़ेदान में नहीं फेंका जा सकता कि याचिकाकर्ता कोई सरकारी अधिकारी नहीं है।

​झूठे मामलों से बचाव के लिए मजिस्ट्रेट को दिए अधिकार​
सर्वोच्च अदालत ने राजनीतिक विरोधियों द्वारा बदले की भावना से की जाने वाली शिकायतों की संभावनाओं पर भी संतुलन साधा। पीठ ने स्पष्ट किया कि यदि किसी निर्वाचित विधायक, सांसद या जनप्रतिधि को केवल परेशान करने, ब्लैकमेल करने या उनकी छवि धूमिल करने की नीयत से कोई झूठी या निराधार शिकायत दर्ज कराता है, तो संबंधित सक्षम मजिस्ट्रेट के पास ऐसे मामलों को परखने और फर्जी शिकायतकर्ताओं पर उचित दंडात्मक कार्रवाई करने का पूरा अधिकार होगा। इससे वास्तविक शिकायतों की गंभीरता बनी रहेगी और कानूनी प्रक्रिया का दुरुपयोग भी रोका जा सकेगा।

​कर्नाटक के बीदर से सुप्रीम कोर्ट तक कैसे पहुंचा मामला?​
यह पूरा कानूनी विवाद कर्नाटक के बीदर विधानसभा क्षेत्र से जुड़ा हुआ था। वहां के स्थानीय निवासी राजकुमार माडकी ने 2023 के विधानसभा चुनाव में निर्वाचित विधायक शैलेंद्र बेलदाले के खिलाफ बेंगलुरु की अदालत में आपराधिक परिवाद दायर किया था। माडकी का आरोप था कि विधायक ने नामांकन के साथ दाखिल अपने हलफनामे में रिहायशी पते और कुछ आवश्यक विवरणों को लेकर जानबूझकर गलत जानकारी पेश की थी। निचली अदालत में चले इस मामले के बाद कर्नाटक हाईकोर्ट ने 7 मार्च 2025 को माडकी की शिकायत यह कहते हुए खारिज कर दी थी कि जनप्रतिनिधित्व कानून के तहत ऐसी कार्रवाई की शुरुआत केवल चुनाव आयोग या अधिकृत लोक सेवक की लिखित शिकायत पर ही हो सकती है, किसी निजी व्यक्ति की याचिका पर नहीं। माडकी ने हाईकोर्ट के इसी निर्णय को सुप्रीम कोर्ट में चुनौती दी थी। सुप्रीम कोर्ट ने भले ही पुराने घटनाक्रम के आधार पर बेलदाले के खिलाफ खारिज कार्यवाही को दोबारा शुरू करने का निर्देश नहीं दिया, लेकिन विधि के इस बड़े प्रश्न को हमेशा के लिए सुलझाते हुए देश के आम नागरिकों के पक्ष में ऐतिहासिक नजीर कायम कर दी।

​राजनीति के गलियारों में हलचल, जनता के हाथ में मिला बड़ा ब्रह्मास्त्र​
राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि इस निर्णय का दूरगामी असर आने वाले विधानसभा और आम चुनावों पर देखने को मिलेगा। अब तक कई उम्मीदवार यह मानकर चलते थे कि चुनाव बीत जाने के बाद आयोग की पेचीदा औपचारिकताओं के चलते हलफनामे की गलतियों पर पर्दा पड़ जाएगा। लेकिन अब हर सजग मतदाता, आरटीआई कार्यकर्ता और विपक्षी निगरानीकर्ता एक सतर्क पहरेदार की तरह काम कर सकेगा। सर्वोच्च न्यायालय का यह रुख साफ करता है कि लोकतंत्र में मतदाता केवल वोट डालने की मशीन नहीं, बल्कि चुने हुए प्रतिनिधियों को कटघरे में खड़ा करने वाला वास्तविक संप्रभु नागरिक है।

Madhvi Singh
Madhvi Singh

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *