ड्रोन से यूएन मुख्यालय पर कहर: सूडान में 6 बांग्लादेशी पीसकीपर्स शहीद, RSF पर हमला करने का आरोप
Share your love

सूडान में गृहयुद्ध के बीच संयुक्त राष्ट्र (UN) की एक इमारत पर हुए भीषण ड्रोन हमले ने अंतरराष्ट्रीय समुदाय को झकझोर कर रख दिया है। दक्षिणी कोर्डोफान प्रांत की राजधानी काडुगली में स्थित संयुक्त राष्ट्र परिसर को निशाना बनाकर किए गए इस हमले में 6 पीसकीपर्स की मौत हो गई, जबकि 8 अन्य गंभीर रूप से घायल हुए हैं। मृतक और घायल सभी पीसकीपर्स बांग्लादेश से बताए जा रहे हैं।
समाचार एजेंसी AFP के अनुसार, काडुगली के अस्पताल के एक मेडिकल सूत्र ने पुष्टि की कि हमला उस समय हुआ, जब पीसकीपर्स इमारत के अंदर मौजूद थे। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि यूएन मुख्यालय को ड्रोन के जरिए बमबारी कर निशाना बनाया गया।
संयुक्त राष्ट्र महासचिव ने जताया शोक
संयुक्त राष्ट्र महासचिव एंटोनियो गुटेरेस ने हमले की कड़ी निंदा करते हुए इसे “भयावह और अस्वीकार्य” करार दिया है। उन्होंने मारे गए शांति सैनिकों के परिवारों के प्रति संवेदना जताई और दोषियों को जवाबदेह ठहराने की मांग की।
RSF पर सीधा आरोप
सूडान की सेना समर्थित सरकार ने इस हमले के लिए रैपिड सपोर्ट फोर्सेज (RSF) को जिम्मेदार ठहराया है। पोर्ट सूडान से जारी बयान में कहा गया कि यह हमला अंतरराष्ट्रीय कानूनों का गंभीर उल्लंघन है।
सेना प्रमुख जनरल अब्देल फतह अल-बुरहान की अध्यक्षता वाली संप्रभुता परिषद ने इसे “खतरनाक उकसावा” बताया है।
घेराबंदी और अकाल की मार झेल रहा काडुगली
गौरतलब है कि काडुगली शहर पिछले करीब डेढ़ साल से घेराबंदी में है, जहां हालात बेहद गंभीर बने हुए हैं। नवंबर की शुरुआत में यहां अकाल घोषित किया जा चुका है। यह इलाका रणनीतिक रूप से बेहद अहम है, क्योंकि यह पश्चिम में RSF के कब्जे वाले दारफुर और उत्तर व पूर्व में सेना नियंत्रित क्षेत्रों के बीच स्थित है।
अंतरराष्ट्रीय चिंता बढ़ी
संयुक्त राष्ट्र के शांति सैनिकों पर हमला ऐसे समय हुआ है, जब सूडान में मानवीय संकट अपने चरम पर है। इस घटना के बाद अंतरराष्ट्रीय स्तर पर संघर्षविराम और शांति प्रयासों को लेकर चिंता और तेज हो गई है।






