नए साल की रात लखनऊ में नशे में धुत दरोगा का हंगामा, बैरिकेडिंग पर चढ़ाई कार, डीसीपी को दी धमकी

संवाद 24 लखनऊ। नए साल की पहली ही रात लखनऊ में पुलिस विभाग की छवि को शर्मसार करने वाली घटना सामने आई है। हजरतगंज चौराहे पर नशे में धुत एक दरोगा ने जमकर बवाल मचाया। कार लेकर पहुंचे दरोगा ने ट्रैफिक डायवर्जन के दौरान लगी बैरिकेडिंग पर गाड़ी चढ़ा दी और ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों से अभद्रता की।

घटना 1 जनवरी की रात करीब 12:30 बजे की है, जब न्यू ईयर सेलिब्रेशन के चलते हजरतगंज चौराहे पर सख्त ट्रैफिक डायवर्जन लागू था। पुलिस ने एक कार को रोककर दूसरी दिशा में जाने को कहा। कार में सवार सिविल ड्रेस में मौजूद दरोगा इस बात पर भड़क गया और शीशा खोलकर वर्दी में तैनात पुलिसकर्मियों से गाली-गलौज और धमकी देने लगा।

आरोप है कि रोकने के इशारे के बावजूद दरोगा ने जानबूझकर गाड़ी आगे बढ़ा दी और ड्यूटी पर तैनात दरोगा सीआई आशुतोष त्रिपाठी को कुचलने की कोशिश की। वह किसी तरह बाल-बाल बच पाए। अचानक हुई इस हरकत से मौके पर अफरा-तफरी मच गई।

इसके बाद आरोपी दरोगा कार लेकर महानगर की ओर भागने लगा। आगे तैनात पुलिस बल ने उसे रोकने का प्रयास किया, लेकिन उसने वहां भी कार सीधे बैरिकेडिंग पर चढ़ा दी। हालांकि सतर्क पुलिसकर्मियों ने घेराबंदी कर कुछ ही दूरी पर वाहन रोक लिया।

स्थिति बिगड़ती देख मौके पर डीसीपी को बुलाया गया। डीसीपी ने पहुंचकर जब दरोगा से सवाल किया तो वह और उग्र हो गया। नशे में धुत दरोगा ने डीसीपी से भी नोकझोंक कर डाली और यहां तक कह दिया कि “तुम्हें देख लेंगे।” जैसे ही डीसीपी ने अपना परिचय दिया, दरोगा के तेवर अचानक बदल गए और वह हाथ जोड़कर माफी मांगने लगा।

हालांकि पुलिस ने उसकी माफी को स्वीकार नहीं किया। आरोपी दरोगा को कार से उतारकर घसीटते हुए जीप में बैठाया गया और हजरतगंज कोतवाली भेज दिया गया। पूरी घटना हजरतगंज के मुख्य चौराहे पर हुई, जहां उस समय बड़ी संख्या में आम लोग और पुलिस बल मौजूद था।

नए साल की पहली ही रात पुलिस विभाग के अधिकारी की इस शर्मनाक हरकत से महकमे में हड़कंप मच गया है। मामले की जानकारी वरिष्ठ अधिकारियों को दे दी गई है। आरोपी दरोगा के खिलाफ विभागीय कार्रवाई के साथ-साथ कानूनी कार्रवाई की भी तैयारी की जा रही है।

Samvad 24 Office
Samvad 24 Office

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *