असम रैली में अमित शाह का सख्त संदेश: घुसपैठियों को पूरे देश से बाहर करेंगे, गोपीनाथ बोरदोलोई को किया याद

Share your love

संवाद 24 गुवाहाटी। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने असम के नौगांव में आयोजित एक रैली के दौरान घुसपैठ को लेकर बड़ा बयान दिया। बटाद्रवा स्थान पुनर्विकास परियोजना के उद्घाटन कार्यक्रम में शाह ने कहा कि जिस तरह असम में अवैध घुसपैठियों से जमीन मुक्त कराई गई है, उसी तरह पूरे देश से घुसपैठियों को बाहर किया जाएगा।

अमित शाह ने कहा कि मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा के नेतृत्व में असम में बांग्लादेशी घुसपैठियों से करीब एक लाख बीघा जमीन मुक्त कराई गई है। उन्होंने कहा कि जो लोग घुसपैठियों को वोट बैंक मानते हैं, वे कभी इस तरह का साहसिक कदम नहीं उठा सकते।

गोपीनाथ बोरदोलोई को किया याद

अपने संबोधन में अमित शाह ने असम के स्वतंत्रता सेनानी गोपीनाथ बोरदोलोई को याद करते हुए कहा कि अगर वे नहीं होते, तो आज असम और पूरा पूर्वोत्तर भारत का हिस्सा नहीं होता। शाह ने कहा कि गोपीनाथ बोरदोलोई ने ही तत्कालीन प्रधानमंत्री जवाहरलाल नेहरू को असम को भारत में बनाए रखने के लिए मजबूर किया था।

शांति समझौते और विकास का दावा

गृह मंत्री ने कहा कि केंद्र सरकार ने उग्रवादी संगठनों के साथ कई शांति समझौते किए हैं, जिनकी 92 प्रतिशत शर्तें पूरी की जा चुकी हैं। इसके चलते असम में शांति और विकास का माहौल मजबूत हुआ है। उन्होंने दावा किया कि गुवाहाटी समेत पूरे राज्य में सुरक्षा व्यवस्था पहले से कहीं बेहतर हुई है।

बटाद्रवा थान पुनर्विकास परियोजना

अमित शाह ने बटाद्रवा थान में 227 करोड़ रुपये की लागत से पुनर्विकसित श्रीमंत शंकरदेव आविर्भाव क्षेत्र का उद्घाटन किया। यह स्थान महान वैष्णव संत श्रीमंत शंकरदेव की जन्मभूमि है और नव-वैष्णव धर्म का प्रमुख केंद्र माना जाता है। इस अवसर पर गृह मंत्री का पारंपरिक सत्त्रिया नृत्य और संगीत से स्वागत किया गया। उन्होंने गुरु आसन वाले मुख्य भवन में दर्शन भी किए।

मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा ने कहा कि यह परियोजना महापुरुष श्रीमंत शंकरदेव की विरासत, असम की नामघर-सत्र परंपरा और सांस्कृतिक धरोहर को संरक्षित करने की दिशा में एक बड़ा कदम है।

अमित शाह ने अंत में असम की जनता से एक बार फिर भाजपा को समर्थन देने की अपील करते हुए कहा कि सरकार असम को पूरी तरह घुसपैठ से मुक्त करने के लिए प्रतिबद्ध है।

Samvad 24 Office
Samvad 24 Office

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Get regular updates on your mail from Samvad 24 News