ई-रिक्शा हादसे में युवक की मौत, परिजनों ने दोस्तों पर लगाए गंभीर आरोप

संवाद 24 संवाददाता। फर्रुखाबाद के फतेहगढ़ कोतवाली क्षेत्र में शुक्रवार देर रात एक ई-रिक्शा रेलवे लाइन के खंभे से टकरा गया। इस हादसे में 22 वर्षीय युवक अभय प्रताप सिंह गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसकी उपचार के दौरान मौत हो गई। घटना के बाद परिजनों ने इसे हादसा मानने से इनकार करते हुए हत्या का आरोप लगाया है, जबकि पुलिस प्रारंभिक जांच में इसे दुर्घटना बता रही है।
जानकारी के अनुसार, शहर से सटे गांव बुढ़नामऊ निवासी अभय प्रताप सिंह शुक्रवार शाम ई-रिक्शा से जा रहे थे। जिला जेल चौराहे के पास उनका वाहन अचानक अनियंत्रित हो गया और रेलवे लाइन के खंभे से जा टकराया। टक्कर इतनी जोरदार थी कि अभय के गले में गंभीर चोट आई।
हादसे के बाद उनके साथ मौजूद दोस्त उन्हें तत्काल डॉ. राम मनोहर लोहिया जिला अस्पताल की इमरजेंसी लेकर पहुंचे। वहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने हालत गंभीर देखते हुए हायर सेंटर रेफर कर दिया। इसके बाद परिजन उन्हें एक निजी नर्सिंग होम ले गए, जहां इलाज के दौरान अभय ने दम तोड़ दिया।
मृतक के पिता का आरोप है कि अभय को चार दोस्त घर से बुलाकर ले गए थे और घटना के बाद सभी दोस्त मौके से फरार हो गए। परिजनों का कहना है कि यह साधारण दुर्घटना नहीं, बल्कि साजिश के तहत की गई हत्या है। अभय के चचेरे भाई पारस ने बताया कि कुछ दिन पहले अभय का विवाद हुआ था, जिसे इस घटना से जोड़कर देखा जा रहा है।
सूचना मिलने पर अपर पुलिस अधीक्षक अरुण कुमार सिंह, सिटी मजिस्ट्रेट ऐश्वर्या उपाध्याय, प्रभारी निरीक्षक रणविजय सिंह तथा याकूतगंज चौकी प्रभारी राहुल कुमार मौके पर पहुंचे। फॉरेंसिक टीम ने भी घटनास्थल से साक्ष्य एकत्र किए हैं।
प्रभारी निरीक्षक रणविजय सिंह ने बताया कि शुरुआती जांच में मामला सड़क दुर्घटना का प्रतीत हो रहा है। उन्होंने कहा कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही आगे की कार्रवाई तय की जाएगी। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच कर रही है।

Samvad 24 Office
Samvad 24 Office

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Get regular updates on your mail from Samvad 24 News