फर्रुखाबाद में कोहरे का कहर: ठंड बढ़ने से आलू की फसल पर झुलसा रोग का संकट, किसान चिंतित
Share your love

संवाद 24 संवाददाता। किसानों के अनुसार, लगातार नमी और ठंड के चलते आलू की फसल में झुलसा रोग तेजी से फैलने लगा है। खेतों में आलू के पौधों की पत्तियां गलने लगी हैं, जिससे पैदावार पर सीधा खतरा मंडरा रहा है। क्षेत्र के किसान रामपाल, रतिराम और लालू कुशवाहा का कहना है कि मौसम की मार से फसल कमजोर हो रही है और नुकसान बढ़ता जा रहा है।
फर्रुखाबाद जिले में लगातार पड़ रहे घने कोहरे और सर्द हवाओं ने ठंड को और बढ़ा दिया है। अमृतपुर क्षेत्र सहित रतनपुर पमारान, गुडेरा, चपरा और भावन गांवों में सुबह-शाम घना कोहरा और दिनभर गलन से जनजीवन प्रभावित हो रहा है। बदलते मौसम का सबसे ज्यादा असर किसानों पर पड़ता नजर आ रहा है।
किसानों ने बताया कि पहले ही बाजार में आलू के दाम गिरने से आर्थिक दबाव बना हुआ है, ऊपर से झुलसा रोग ने चिंता और बढ़ा दी है। कई किसानों ने कर्ज लेकर आलू की बुवाई की है और मौजूदा हालात बने रहे तो उन्हें भारी आर्थिक संकट का सामना करना पड़ सकता है।
आलू के साथ-साथ सरसों की फसल को लेकर भी किसान आशंकित हैं। उनका कहना है कि यदि ठंड और कोहरे का यही सिलसिला जारी रहा तो सरसों की फसल में भी रोग लगने की संभावना से इनकार नहीं किया जा सकता।
किसानों ने कृषि विभाग से समय पर सलाह और मदद की मांग की है, ताकि फसलों को रोग से बचाया जा सके और नुकसान को कम किया जा सके।






