कोहरे में हादसों पर रोक के लिए जिले में रिफ्लेक्टर अभियान, RTO ने दिए निर्देश
Share your love

संवाद 24 संवाददाता। कोहरे के मौसम में सड़क दुर्घटनाओं को रोकने के लिए परिवहन विभाग ने जिले में विशेष सतर्कता बरतने का निर्णय लिया है। इसी क्रम में कानपुर से फर्रुखाबाद पहुंचे संभागीय परिवहन अधिकारी (RTO) राजेंद्र कुमार सिंह ने बुधवार को एआरटीओ कार्यालय का निरीक्षण किया और वाहनों पर रिफ्लेक्टर लगाने का अभियान शुरू करने के निर्देश दिए।
RTO ने बताया कि सर्दियों में दृश्यता कम होने के कारण सड़क हादसों की आशंका बढ़ जाती है। ऐसे में सभी श्रेणी के वाहनों पर रिफ्लेक्टर लगाए जाने से दुर्घटनाओं में कमी लाई जा सकती है। यह अभियान पूरे जिले में चलाया जाएगा। निरीक्षण के दौरान RTO ने एआरटीओ कार्यालय के विभिन्न अनुभागों का जायजा लिया और अभिलेखों की जांच की। उन्होंने बताया कि जिले का राजस्व संग्रह निर्धारित लक्ष्य से अधिक है, फिर भी जहां कहीं कमियां पाई गईं, उन्हें जल्द सुधारने के निर्देश दिए गए हैं।

सड़क सुरक्षा पर जोर देते हुए उन्होंने कहा कि दुर्घटनाएं कई कारणों से होती हैं, जिनमें लापरवाही और जागरूकता की कमी प्रमुख है। उन्होंने बताया कि नवंबर में यातायात पुलिस द्वारा जागरूकता अभियान चलाया गया था और जनवरी माह में परिवहन विभाग भी इसी तरह का अभियान चलाएगा।
स्कूली वाहनों को लेकर RTO ने स्पष्ट किया कि केवल पीला रंग ही नहीं, बल्कि अन्य सुरक्षा मानकों का पालन भी अनिवार्य है। उन्होंने अभिभावकों से अपील की कि वे मानकों के विपरीत चल रहे वाहनों पर ध्यान दें और बच्चों की सुरक्षा को प्राथमिकता दें।
निरीक्षण के बाद RTO मोहम्मदाबाद में निर्माणाधीन परिवहन कार्यालय का निरीक्षण करने रवाना हो गए।






