
संवाद 24 संवाददाता। फर्रुखाबाद जनपद के कादरी गेट थाना क्षेत्र स्थित मोहल्ला डिग्गी ताल में बुधवार को एक मकान में शॉर्ट सर्किट के कारण आग लग गई। आग राजेंद्र सिंह शाक्य के आवास में लगी, जिसकी जानकारी आसपास के लोगों को धुआं उठता देख हुई। घटना के बाद मोहल्ले में अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए समरसेबल पंप की मदद से आग बुझाने का प्रयास किया। कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया गया, जिससे बड़ा हादसा टल गया।
घरेलू सामान हुआ नुकसान
आग की चपेट में आने से मकान में रखा गृहस्थी का सामान जलकर नष्ट हो गया। इसमें एक बक्से में रखा सामान और कमरे के लोहे के जंगले भी शामिल हैं। हालांकि, किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और घटना का जायजा लिया। प्रारंभिक जांच में आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट बताया जा रहा है। घटना के बाद से इलाके में दहशत का माहौल बना रहा, हालांकि समय रहते आग बुझ जाने से आसपास के मकानों को नुकसान नहीं पहुंचा।






