कानपुर: सड़क पार करते युवक की दर्दनाक मौत, डंपर चालक फरार
Share your love

संवाद 24 संवाददाता। शहर के व्यस्त नौबस्ता-सागर हाईवे पर सड़क दुर्घटनाओं का सिलसिला रुकने का नाम नहीं ले रहा है। बुधवार देर शाम हनुमंत विहार थाना क्षेत्र अंतर्गत वसंत विहार मेट्रो स्टेशन के पास एक दिल दहला देने वाली घटना हुई। सड़क पार कर रहे लगभग 35 वर्षीय युवक को तेज रफ्तार डंपर ने कुचल दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
हादसे के तुरंत बाद डंपर चालक वाहन लेकर नौबस्ता बाईपास की ओर फरार हो गया। घटना से गुस्साए राहगीरों और स्थानीय लोगों ने आक्रोश जताते हुए सड़क जाम कर दी और हंगामा किया। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर लोगों को कार्रवाई का आश्वासन देकर शांत कराया, जिसके बाद जाम खुल सका और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया।
हनुमंत विहार थानाध्यक्ष राजीव कुमार सिंह ने बताया कि मृतक की अभी तक शिनाख्त नहीं हो पाई है। उसके पास से एक मोबाइल फोन मिला है, लेकिन उसमें लॉक लगा होने के कारण उसे खोलने का प्रयास किया जा रहा है। पुलिस मोबाइल अनलॉक करवाकर परिवार से संपर्क करने की कोशिश में जुटी है।






