फतेहगढ़ सेंट्रल जेल से मुंबई ले जाया गया अंडरवर्ल्ड डॉन सुभाष ठाकुर, बिल्डर हत्याकांड में क्राइम ब्रांच की बड़ी कार्रवाई
Share your love

संवाद 24 संवाददाता। फतेहगढ़ केंद्रीय कारागार से सोमवार रात एक बड़े ऑपरेशन के तहत कुख्यात गैंगस्टर सुभाष सिंह ठाकुर को मुंबई पुलिस अपने साथ ले गई। अंडरवर्ल्ड डॉन दाऊद इब्राहिम का करीबी बताए जाने वाले सुभाष ठाकुर पर मुंबई के वसई–विरार क्षेत्र में एक बिल्डर की हत्या की साजिश रचने का गंभीर आरोप है। पूरी कार्रवाई को बेहद गोपनीय रखा गया, ताकि किसी तरह की भनक बाहर न लगे।
मुंबई पुलिस के अनुसार, 26 फरवरी 2022 को विरार के मनवेलपाड़ा इलाके में दोपहर के समय बिल्डर समय चौहान की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। इस सनसनीखेज वारदात की जांच में कुल 13 आरोपियों की भूमिका सामने आई। जांच के दौरान पुलिस इस निष्कर्ष पर पहुंची कि हत्या की साजिश जेल में बंद सुभाष सिंह ठाकुर के निर्देश पर रची गई थी।
जेल से चला रहा था खंडनी का नेटवर्क
पुलिस जांच में यह भी सामने आया कि उत्तर प्रदेश की जेल में बंद रहने के बावजूद सुभाष ठाकुर वसई–विरार इलाके के बिल्डरों से खंडनी वसूली कर रहा था। बताया गया कि मृतक बिल्डर समय चौहान विरार क्षेत्र में करीब 11 निर्माण परियोजनाएं चला रहा था। प्रत्येक प्रोजेक्ट के लिए लाखों रुपये की मांग की गई थी। जब चौहान ने रकम देने से इनकार किया, तो उसकी हत्या की साजिश रच दी गई।
उम्रकैद की सजा काट रहा है आरोपी
सुभाष ठाकुर पहले से ही चर्चित जेजे हत्याकांड में उम्रकैद की सजा काट रहा है। वर्ष 2019 से वह इलाज के नाम पर वाराणसी स्थित बनारस हिंदू विश्वविद्यालय के सर सुंदरलाल अस्पताल में भर्ती था। इसके बाद वर्ष 2024 में उसे दोबारा फतेहगढ़ सेंट्रल जेल भेजा गया। वहीं से मुंबई पुलिस ने आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी कर उसे अपनी हिरासत में लिया।
विमान से मुंबई, कोर्ट ने दी पुलिस रिमांड
सोमवार रात अपराध शाखा की टीम फतेहगढ़ सेंट्रल जेल पहुंची और सुभाष ठाकुर को हिरासत में लेकर विमान के जरिए मुंबई ले जाया गया। मंगलवार सुबह उसे ठाणे की अदालत में पेश किया गया, जहां न्यायालय ने आरोपी को छह दिन की पुलिस हिरासत में भेज दिया।
फतेहगढ़ सेंट्रल जेल के वरिष्ठ जेल अधीक्षक आशीष तिवारी ने पुष्टि करते हुए बताया कि सुभाष ठाकुर को विधिक प्रक्रिया के तहत मुंबई पुलिस को रिमांड पर सौंपा गया है।
संवाद24 सूत्रों के मुताबिक, पुलिस अब सुभाष ठाकुर से पूछताछ कर खंडनी नेटवर्क, शूटर्स और अंडरवर्ल्ड से जुड़े अन्य लिंक की गहराई से जांच करेगी। माना जा रहा है कि इस कार्रवाई से मुंबई और आसपास के इलाकों में सक्रिय संगठित अपराध के बड़े राज सामने आ सकते हैं।






