हाईटेंशन लाइन से करंट लगने पर एमआर की मौत, अस्पताल में किया गया मृत घोषित

संवाद 24 संवाददाता।
जनपद में मंगलवार को एक दर्दनाक हादसे में 38 वर्षीय युवक की करंट लगने से मौत हो गई। फतेहगढ़ कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला रखा में अपने प्लॉट पर निर्माण कार्य के दौरान वह अचानक ऊपर से गुजर रही हाईटेंशन लाइन की चपेट में आ गया, जिससे वह बुरी तरह झुलस गया।

मृतक की पहचान पंडा बाग मंदिर के पास निवासी विशाल मिश्रा (38) पुत्र कैलाश चंद्र के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार विशाल मिश्रा अपने प्लॉट पर निर्माण कार्य करा रहे थे। इसी दौरान सरिया बांधते समय उनका संतुलन बिगड़ा और वह पास से गुजर रही हाईटेंशन लाइन के संपर्क में आ गए। तेज करंट की चपेट में आने से वह मौके पर ही गंभीर रूप से घायल हो गए।

घटना की सूचना मिलते ही फतेहगढ़ कोतवाली प्रभारी रणविजय सिंह पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। तत्काल एंबुलेंस की मदद से घायल को एक निजी अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने परीक्षण के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।

सूचना पर याकूतगंज चौकी प्रभारी राहुल कुमार भी घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरते हुए आगे की विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।

अचानक हुई इस घटना से मृतक के परिवार में कोहराम मच गया है। मोहल्ले में शोक का माहौल है, वहीं स्थानीय लोग निर्माण स्थलों के पास गुजर रही हाईटेंशन लाइनों को लेकर सुरक्षा इंतजामों पर सवाल उठा रहे हैं।

Samvad 24 Office
Samvad 24 Office

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Get regular updates on your mail from Samvad 24 News