
संवाद 24 फर्रुखाबाद। शमशाबाद थाना क्षेत्र के लाड़मपुर दोयम गांव में गुरुवार दोपहर एक बंद पड़ी आतिशबाजी की कोठरी में हुए जोरदार धमाके ने आसपास के लोगों को चौंका दिया। घटना के समय वहां कोई मौजूद नहीं था, इसलिए बड़ा हादसा टल गया, लेकिन विस्फोट से दुकान की दीवार और लेंटर क्षतिग्रस्त हो गए। धमाके की गूंज करीब आधा किलोमीटर दूर तक सुनाई दी और ईंटों के टुकड़े आसपास बिखर गए।
दोपहर में अचानक गूंजी तेज आवाज
अलेपुर मार्ग पर गुरुवार दोपहर करीब ढाई से तीन बजे के बीच अचानक जोरदार धमाका हुआ। आवाज सुनकर आसपास के लोग घटनास्थल की ओर दौड़े। मौके पर दुकान से धुआं उठता दिखाई दिया। विस्फोट की तीव्रता का अंदाजा इस बात से लगाया जा सकता है कि दुकान की दीवार और लेंटर का हिस्सा ढह गया तथा ईंटें काफी दूरी तक जा गिरीं। घटना के बाद कुछ समय के लिए आसपास अफरा-तफरी की स्थिति रही। सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंच गए।
जुलाई के बाद से नहीं चल रहा था काम
पुलिस के अनुसार विस्फोट वाली कोठरी में आतिशबाजी तैयार करने से जुड़ी सामग्री रखी हुई थी। दुकान स्वामी सरफुद्दीन शमशाबाद कस्बे के रहने वाले बताए गए हैं और लंबे समय से बारातों में आतिशबाजी का काम करते हैं। सीओ कायमगंज अजय वर्मा के अनुसार, यहां जुलाई तक आतिशबाजी का काम किया गया था। इसके बाद कोठरी बंद थी। पुलिस के मुताबिक, अंदर करीब तीन से चार किलो बारूद का मसाला रखा हुआ था।दुकानदार के पास चटरी और अनार बनाने का लाइसेंस होने की भी जानकारी अधिकारियों ने दी है।
बंद कोठरी में बारूद ने कैसे पकड़ी आग?
घटना का सबसे महत्वपूर्ण पहलू यही है कि जब कोठरी जुलाई से बंद थी और वहां नियमित रूप से काम नहीं हो रहा था, तो अचानक विस्फोट कैसे हुआ। फिलहाल पुलिस और प्रशासन के पास इसका स्पष्ट जवाब नहीं है। अधिकारियों का कहना है कि विस्फोट के कारणों की जांच की जा रही है। घटनास्थल पर मौजूद सामग्री और विस्फोट के बाद की स्थिति को भी जांच का हिस्सा बनाया गया है।
धुआं उठने पर पहुंची दमकल
धमाके के बाद कोठरी से धुआं निकलता देखकर दमकल विभाग को सूचना दी गई। टीम ने मौके पर पहुंचकर पानी की बौछार की और बची हुई आग को बुझाया। इसके बाद घटनास्थल को सुरक्षित कर दिया गया।
जांच टीम जुटा रही साक्ष्य
घटना की जानकारी मिलते ही कायमगंज एसडीएम अभिषेक वर्मा, सीओ अजय वर्मा और थानाध्यक्ष सचिन चौधरी मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने क्षतिग्रस्त हिस्से का निरीक्षण किया। सीओ के अनुसार फील्ड यूनिट और मुख्य अग्निशमन अधिकारी (सीएफओ) की टीम घटना की जांच कर रही है। जांच के बाद ही विस्फोट की वास्तविक वजह सामने आ सकेगी। फिलहाल घटना में किसी के घायल होने या मौत की सूचना नहीं है। हालांकि, बंद परिसर में रखी आतिशबाजी सामग्री में हुए इस अचानक विस्फोट ने सुरक्षा व्यवस्था और आतिशबाजी सामग्री के भंडारण को लेकर कई सवाल जरूर खड़े कर दिए हैं।






