संघ-भाजपा को तमिलनाडु में नो-एंट्री” अमित शाह को MK स्टालिन की सीधी चुनौती
Share your love

संवाद 24, राजनीतिक डेस्क। तमिलनाडु के मुख्यमंत्री और द्रविड़ मुन्नेत्र कषगम (DMK) अध्यक्ष एमके स्टालिन ने भारतीय जनता पार्टी और राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ पर सीधा और तीखा हमला बोला है। उन्होंने साफ शब्दों में कहा कि राज्य में न तो केंद्रीय मंत्री अमित शाह और न ही RSS की पूरी बटालियन कोई चुनावी असर डाल पाएगी। स्टालिन ने दावा किया कि तमिलनाडु की जनता भाजपा की राजनीति को खारिज कर देगी और DMK एक बार फिर जीत दर्ज करेगी।
रविवार को तिरुवन्नामलाई में DMK की युवा इकाई के पदाधिकारियों की बैठक को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि 2024 में केंद्र में भाजपा की तीसरी बार सत्ता में वापसी के बाद दक्षिणपंथी संगठन आक्रामक रूप से सक्रिय हुए हैं। ऐसे में पार्टी कार्यकर्ताओं को और अधिक मजबूती से मैदान में उतरना होगा और द्रविड़ विचारधारा को जन-जन तक पहुंचाना होगा।
एमके स्टालिन ने अमित शाह के उस बयान पर भी प्रतिक्रिया दी, जिसमें उन्होंने बिहार के बाद तमिलनाडु को भाजपा का अगला लक्ष्य बताया था। मुख्यमंत्री ने कहा,
“यह तमिलनाडु है। आप हमारे स्वभाव और हमारी राजनीति को नहीं समझते। सिर्फ अमित शाह ही नहीं, अगर RSS की पूरी टोली भी यहां उतार दी जाए, तब भी भाजपा यहां चुनाव नहीं जीत सकती।”
कल्याण योजनाओं पर भी दिया जोर
अपने संबोधन में मुख्यमंत्री ने राज्य सरकार की योजनाओं का जिक्र करते हुए कहा कि महिलाओं को 1,000 रुपये प्रतिमाह की सहायता देने वाली योजना का दायरा लगातार बढ़ाया जा रहा है। यदि कोई पात्र महिला छूट गई है तो उसे भी इस योजना में शामिल किया जाएगा। उन्होंने बताया कि इस योजना के लाभार्थियों की संख्या बढ़कर 1.30 करोड़ तक पहुंच चुकी है।
स्टालिन ने आर्थिक मोर्चे पर सरकार की उपलब्धियां गिनाते हुए कहा कि भारतीय रिज़र्व बैंक के आंकड़ों के अनुसार तमिलनाडु ने 16 प्रतिशत की जीडीपी ग्रोथ दर्ज कर देश में शीर्ष स्थान हासिल किया है। उन्होंने कहा कि यह उपलब्धि तमाम चुनौतियों के बावजूद हासिल की गई है।
मुख्यमंत्री के इस आक्रामक बयान को आगामी चुनावों से पहले DMK के सियासी तेवर के तौर पर देखा जा रहा है, जिससे साफ संकेत मिलता है कि तमिलनाडु में भाजपा के खिलाफ मुकाबला और तेज होने वाला है।






