अनियंत्रित ट्रैक्टर-ट्रॉली दुकान में घुसी, स्कूटी चकनाचूर; बड़ा हादसा टला
Share your love

संवाद 24, बढ़पुर / फर्रूखाबाद।
फर्रुखाबाद के पांचालघाट स्थित उत्तरी बंदा मोड़ पर रविवार को एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। सरिया से लदी एक अनियंत्रित ट्रैक्टर-ट्रॉली अचानक नियंत्रण खो बैठी और सड़क किनारे खड़ी स्कूटी को टक्कर मारते हुए सीधे एक दुकान में जा घुसी। घटना के समय दुकान में मौजूद लोग जान बचाने के लिए इधर-उधर भागे, जिससे किसी तरह की जनहानि नहीं हुई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार ट्रैक्टर-ट्रॉली उत्तरी बंदा की ओर जा रही थी। थाना कादरीगेट क्षेत्र के अंतर्गत विकास खंड बढ़पुर में स्थित मोड़ पर चालक ने जैसे ही वाहन मोड़ने की कोशिश की, ट्रैक्टर के ब्रेक फेल हो गए। इसके बाद वाहन बेकाबू हो गया और पहले सड़क किनारे खड़ी स्कूटी को जोरदार टक्कर मार दी। स्कूटी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई।
टक्कर के बाद भी ट्रैक्टर-ट्रॉली नहीं रुकी और दुकान के अंदर जा घुसी, जिससे वहां अफरा-तफरी मच गई। कुछ पल के लिए इलाके में दहशत का माहौल बन गया। लोगों ने भागकर अपनी जान बचाई।
सूचना मिलने पर स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और हालात का जायजा लिया। अधिकारियों के अनुसार इस हादसे में किसी के गंभीर रूप से घायल होने की सूचना नहीं है। पुलिस ने क्षतिग्रस्त वाहन को हटवाकर यातायात सुचारु कराया और घटना की जांच शुरू कर दी है।






