नवाबगंज में BLO को जान से मारने की धमकी, पुलिस से की शिकायत, सरकारी कार्य प्रभावित होने का आरोप, सुरक्षा की मांग

संवाद 24 संवाददाता। नवाबगंज क्षेत्र में एक बूथ लेवल अधिकारी (BLO) को जान से मारने की धमकी मिलने का मामला सामने आया है। जोगपुर प्राथमिक विद्यालय में कार्यरत तथा विधानसभा अमृतपुर के बूथ संख्या 248 के BLO हरीसिंह ने इस संबंध में थाना नवाबगंज में शिकायत दर्ज कराते हुए अपनी सुरक्षा की मांग की है।

हरीसिंह ने अपनी शिकायत में बताया कि वे BLO के रूप में अपना कार्य पूरी ईमानदारी और पारदर्शिता के साथ कर रहे हैं। इसके बावजूद एक अज्ञात व्यक्ति लगातार उनके साथ अभद्र भाषा का प्रयोग कर रहा है और जान से मारने की धमकी दे रहा है। उनका कहना है कि धमकियों के चलते वे सरकारी दायित्वों का निर्वहन सुचारू रूप से नहीं कर पा रहे हैं।

BLO ने अपनी जान-माल को खतरा बताते हुए थानाध्यक्ष नवाबगंज से तत्काल कार्रवाई की मांग की है। साथ ही, उन्होंने इस शिकायत की प्रतियां मुख्यमंत्री कार्यालय लखनऊ, जिलाधिकारी फर्रुखाबाद, उप जिलाधिकारी कायमगंज, उप जिलाधिकारी अमृतपुर, निर्वाचन अधिकारी तथा चेयरमैन नवाबगंज को भी भेजी हैं।

मामले को लेकर थाना प्रभारी निरीक्षक अवध नारायण पांडे से संपर्क करने का प्रयास किया गया, लेकिन उनसे बात नहीं हो सकी। वहीं, कस्बा प्रभारी गीतम सिंह ने बताया कि उन्हें इस प्रकरण की कोई जानकारी नहीं है।

फिलहाल, पुलिस की ओर से आधिकारिक प्रतिक्रिया का इंतजार है। मामले की गंभीरता को देखते हुए प्रशासनिक स्तर पर भी कार्रवाई की अपेक्षा की जा रही है।

Samvad 24 Office
Samvad 24 Office

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Get regular updates on your mail from Samvad 24 News