
संवाद 24, फर्रुखाबाद जनपद के नवाबगंज नगर में महिलाओं और बालिकाओं की सुरक्षा व जागरूकता को लेकर एक सराहनीय पहल की गई। नगर के मैन मार्केट बाजार मार्ग पर आयोजित कार्यक्रम के दौरान थाना नवाबगंज पुलिस की ओर से महिलाओं-बालिकाओं को विभिन्न महत्वपूर्ण आपातकालीन हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी दी गई।
कार्यक्रम के दौरान उपस्थित महिलाओं को 112 आपातकालीन पुलिस सेवा, 108 एंबुलेंस सेवा तथा 1098 चाइल्ड हेल्पलाइन नंबर के उपयोग और महत्व के बारे में बताया गया। इसके साथ ही महिलाओं की सुरक्षा से जुड़ी 181 वीमेन हेल्पलाइन और 1090 वूमेन पावर लाइन की जानकारी भी विस्तार से दी गई।
पुलिस कर्मियों ने गर्भवती महिलाओं और नवजात शिशुओं के लिए 102 एंबुलेंस सेवा, साइबर अपराध से बचाव हेतु 1930 साइबर हेल्पलाइन, अग्नि आपात स्थिति के लिए 101 फायर ब्रिगेड सेवा तथा जनसमस्याओं के समाधान के लिए मुख्यमंत्री हेल्पलाइन नंबर 1076 के प्रयोग की प्रक्रिया भी समझाई।
इस अवसर पर पुलिस ने महिलाओं से किसी भी आपात स्थिति में बिना संकोच हेल्पलाइन नंबरों का उपयोग करने और जागरूक रहकर स्वयं व अपने परिवार की सुरक्षा सुनिश्चित करने की अपील की। स्थानीय महिलाओं और बालिकाओं ने इस जागरूकता कार्यक्रम को उपयोगी बताते हुए पुलिस की पहल की सराहना की।






