प्रदेश भाजपा अध्यक्ष चुनाव की उलटी गिनती शुरू, 3500 पदाधिकारी होंगे शामिल
Share your love

संवाद 24, लखनऊ ।
भारतीय जनता पार्टी के उत्तर प्रदेश प्रदेश अध्यक्ष के बहुप्रतीक्षित चुनाव की प्रक्रिया तेज हो गई है। शुक्रवार को प्रदेश अध्यक्ष चुनाव के लिए 464 मतदाताओं की सूची जारी कर दी गई। इस सूची में 5 सांसद, 26 विधायक, 8 विधान परिषद सदस्य (एमएलसी) तथा 425 प्रांतीय परिषद सदस्य और जिला अध्यक्ष शामिल हैं।
पार्टी के राष्ट्रीय महामंत्री एवं केंद्रीय चुनाव पर्यवेक्षक विनोद तावड़े की देखरेख में शनिवार को नामांकन की प्रक्रिया संपन्न होगी। प्रदेश संगठन चुनाव अधिकारी व पूर्व केंद्रीय मंत्री डॉ. महेंद्र नाथ पांडेय ने चुनाव कार्यक्रम जारी करते हुए बताया कि शनिवार 13 दिसंबर को दोपहर 2 बजे से 3 बजे तक नामांकन पत्र दाखिल किए जाएंगे। इसके बाद 3 से 4 बजे तक नामांकन पत्रों की जांच और शाम 4 से 5 बजे तक नाम वापसी की प्रक्रिया होगी। यह पूरा कार्यक्रम भाजपा प्रदेश मुख्यालय में आयोजित किया जाएगा।
प्रदेश अध्यक्ष के नाम की औपचारिक घोषणा रविवार 14 दिसंबर को केंद्रीय चुनाव अधिकारी एवं केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल करेंगे। मतदान और संबंधित कार्यक्रम डॉ. राम मनोहर लोहिया राष्ट्रीय विधि विश्वविद्यालय परिसर स्थित डॉ. आंबेडकर सभागार में होंगे।
चुनाव प्रक्रिया को सुचारु रूप से संपन्न कराने के लिए जिम्मेदारियां भी तय कर दी गई हैं। शनिवार को नामांकन की व्यवस्था उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य और प्रदेश महामंत्री संजय राय संभालेंगे, जबकि रविवार को मतदान की जिम्मेदारी उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक के साथ प्रदेश महामंत्री गोविंद नारायण शुक्ला को सौंपी गई है।
रविवार को होने वाले कार्यक्रम में केंद्रीय व प्रदेश पदाधिकारियों के साथ-साथ सांसद, विधायक, महापौर, जिला पंचायत अध्यक्ष, जिलाध्यक्ष और मंडल अध्यक्षों सहित करीब 3500 पदाधिकारी शामिल होंगे। प्रदेश संगठन में नेतृत्व परिवर्तन को लेकर पार्टी कार्यकर्ताओं और नेताओं में खासा उत्साह देखा जा रहा है।






