रोडवेज बस अड्डे पर 20 बेड के रैन बसेरे की शुरुआत, यात्रियों को मिलेगी रात में ठहरने की सुविधा

संवाद 24, फर्रुखाबाद। रोडवेज बस अड्डे पर यात्रियों के लिए इंतजार खत्म हो गया है। नगर पालिका द्वारा तैयार किए गए नव-निर्मित 20 बेड के रैन बसेरे का शुभारंभ शुक्रवार देर शाम नगर पालिका अध्यक्ष वत्सला अग्रवाल और अधिशासी अभियंता विनोद कुमार ने संयुक्त रूप से किया। रिबन काटकर उद्घाटन के साथ ही रैन बसेरे को औपचारिक रूप से जनता को समर्पित कर दिया गया।

नगर पालिका अध्यक्ष वत्सला अग्रवाल ने बताया कि यात्रियों को सुरक्षित और आरामदायक रात्री विश्राम की सुविधा देने के उद्देश्य से रैन बसेरा पूरी तरह सुसज्जित बनाया गया है। यहां 10 बेड पुरुषों और 10 बेड महिलाओं के लिए अलग-अलग कमरे में उपलब्ध कराए गए हैं। साफ-सफाई और व्यवस्था बनाए रखने के लिए तीन कर्मचारियों की ड्यूटी भी तय की गई है।

उन्होंने बताया कि रैन बसेरे में ठहरने के लिए किसी प्रकार का शुल्क नहीं लगेगा। यात्री केवल आधार कार्ड दिखाकर निशुल्क प्रवेश पा सकेंगे। यहां पीने के पानी, रोशनी, स्वच्छ शौचालय और अन्य आवश्यक सुविधाओं की पूरी व्यवस्था की गई है।

नगर पालिका प्रशासन ने यह भी बताया कि ठंड बढ़ने पर रैन बसेरे में अतिरिक्त बेड उपलब्ध कराए जाएंगे। साथ ही अलाव की व्यवस्था भी की जाएगी, ताकि यात्रियों को रात में ठंड से राहत मिल सके।

कार्यक्रम के दौरान ईओ विनोद कुमार सहित नगरपालिका के अन्य अधिकारी मौजूद रहे। रैन बसेरे की शुरुआत से देर रात यात्रा करने वालों, असहायों और बाहर से आने वाले यात्रियों को बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है।

Samvad 24 Office
Samvad 24 Office

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Get regular updates on your mail from Samvad 24 News