
संवाद 24 संवाददाता। सहायक अध्यापक भर्ती परीक्षा (Assistant Teacher Recruitment Exam 2025) में नकल की एक हैरान करने वाली वारदात सामने आई है। चकेरी स्थित खालसा गर्ल्स इंटर कॉलेज में रविवार को सुबह की पाली में एक महिला अभ्यर्थी अपने अंडरगारमेंट में एंड्रॉयड मोबाइल फोन छिपाकर परीक्षा कक्ष में पहुंच गई। वह प्रश्नपत्र की तस्वीरें खींचकर व्हाट्सएप पर भेज रही थी और बाहर बैठे अपने रिश्तेदार से उत्तर प्राप्त कर नकल कर रही थी।
महिला की पहचान जालौन जिले के नदीगांव निवासी रितु श्रीवास्तव के रूप में हुई है। चेकिंग के दौरान सतही जांच में कुछ संदेह नहीं हुआ और उसे परीक्षा कक्ष में बैठने दिया गया। लेकिन परीक्षा शुरू होने के कुछ देर बाद रितु बार-बार बाथरूम जाने का बहाना बनाने लगीं। हर बार वह टॉयलेट में जाकर मोबाइल निकालतीं, व्हाट्सएप चेक करतीं और आए हुए उत्तरों को अपनी हथेली पर लिख लेतीं, फिर उत्तर पुस्तिका में उतारतीं।
कक्ष निरीक्षक को महिला का व्यवहार संदिग्ध लगा। उन्होंने तुरंत परीक्षा दस्ते को सूचना दी। महिला दस्ते ने जब सख्ती से तलाशी ली तो अंडरगारमेंट के अंदर छिपाया गया मोबाइल फोन बरामद हो गया। मोबाइल में व्हाट्सएप चैट खुली हुई थी जिसमें प्रश्नपत्र की तस्वीरें और उनके उत्तर स्पष्ट दिख रहे थे।
महिला को तत्काल प्रभाव से परीक्षा से निष्कासित कर चकेरी थाने के सुपुर्द कर दिया गया। पूछताछ में रितु श्रीवास्तव ने स्वीकार किया कि नकल करने के इरादे से ही उन्होंने मोबाइल इस तरह छिपाया था और प्रश्न एक रिश्तेदार को भेज रही थीं, जो बाहर बैठकर उत्तर बता रहा था।
चकेरी थाने के कार्यवाहक प्रभारी इंस्पेक्टर रिजवान खान ने बताया, “महिला के खिलाफ केंद्र व्यवस्थापक जसवीर कौर की तहरीर पर मुकदमा दर्ज किया जा रहा है। मोबाइल से बरामद व्हाट्सएप नंबर की जांच की जा रही है और जवाब भेजने वाले व्यक्ति की तलाश शुरू कर दी गई है।”
यह घटना एक बार फिर परीक्षा प्रणाली में नकल के नए-नए तरीकों को उजागर करती है। इतनी सख्त निगरानी और जैमर की व्यवस्था के बावजूद अभ्यर्थी किस हद तक जाने को तैयार हैं, यह इस मामले से साफ झलकता है। प्रशासन अब इस पूरे रैकेट की गहन जांच करने की बात कह रहा है।






