नीलगाय से टकराई पूर्व मंत्री की कार, छह लोग घायल
Share your love

संवाद 24 फर्रुखाबाद।
इटावा के सैफई में विवाह समारोह में शामिल होने जा रहे पूर्व मंत्री सर्वेश अम्बेडकर और सपा नेता विजय यादव मंगलवार देर शाम सड़क हादसे का शिकार हो गए। किसनी थाना क्षेत्र के पास अचानक कार के सामने नीलगाय आ गई। वाहन चालक ने बचाने की कोशिश की, लेकिन नियंत्रण खोने से कार नीलगाय से टकराकर सड़क किनारे बने गड्ढे में जा गिरी और फिर पेड़ से टकरा गई।

हादसे में पूर्व मंत्री सर्वेश अम्बेडकर, सपा नेता व पूर्व महानगर अध्यक्ष विजय यादव, बंटी यादव, अशोक अम्बेडकर, आयुष यादव और चालक उमेश घायल हो गए। स्थानीय लोगों की मदद से सभी को तुरंत नजदीकी अस्पताल पहुंचाया गया, जहां फिलहाल उपचार जारी है। कार गंभीर रूप से क्षतिग्रस्त हो गई।

सूत्रों के अनुसार, सभी लोग एक विवाह कार्यक्रम में शामिल होने के लिए सैफई जा रहे थे। घटना के बाद पुलिस ने वाहन को सड़क से हटाकर यातायात बहाल कराया। डॉक्टरों ने बताया कि घायलों की स्थिति अब स्थिर है।






