धर्मेंद्र का निधन, फिल्म जगत में शोक की लहर, अंतिम संस्कार में उमड़े सितारे

Share your love

संवाद 24 मुंबई। हिंदी सिनेमा के महानायक और दर्शकों के दिलों पर दशकों तक राज करने वाले अभिनेता धर्मेंद्र का 89 वर्ष की आयु में सोमवार दोपहर निधन हो गया। उन्होंने अपने आवास पर अंतिम सांस ली। दोपहर करीब 3 बजे विले पार्ले श्मशान भूमि में उनका अंतिम संस्कार किया गया।

अंतिम विदाई के समय पत्नी हेमा मालिनी और बेटी ईशा देओल मौजूद रहीं। बॉलीवुड के दिग्गज अभिनेता अमिताभ बच्चन, सलमान खान, शाहरुख खान, संजय दत्त, आमिर खान, रेखा, काजोल, प्रीति जिंटा, फरहान और जोया अख्तर, शिल्पा और शमिता शेट्टी सहित कई सितारे अंतिम संस्कार स्थल पर पहुंचे और श्रद्धांजलि अर्पित की।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने धर्मेंद्र के निधन को भारतीय सिनेमा के एक युग का अंत बताया और उन्हें श्रद्धांजलि दी।

दोपहर 1:10 बजे न्यूज एजेंसी IANS द्वारा निधन की पुष्टि की गई। इसके बाद उनके घर के बाहर एम्बुलेंस पहुंची और सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी गई। पार्थिव शरीर को एम्बुलेंस से श्मशान भूमि ले जाया गया, जहां परिवार और करीबी लोगों की उपस्थिति में अंतिम संस्कार संपन्न हुआ।

12 नवंबर को अस्पताल से डिस्चार्ज हुए थे

धर्मेंद्र पिछले कुछ समय से उम्रजनित बीमारियों से पीड़ित थे। 10 नवंबर को सांस लेने में परेशानी होने पर उन्हें ब्रीच कैंडी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उन्हें वेंटिलेटर पर भी रखा गया। उस दौरान उनके निधन की खबरें आई थीं, जिसे परिवार ने गलत बताया था। 12 नवंबर को उन्हें अस्पताल से डिस्चार्ज किया गया था और घर पर ही इलाज जारी था।

दर्शकों के दिलों में हमेशा जीवित रहेंगे

धर्मेंद्र ने ‘शोले’, ‘चुपके चुपके’, ‘अनुपमा’, ‘यादों की बारात’, ‘धरम वीर’, ‘जब तक है जान’ जैसी अनगिनत फिल्मों से भारतीय सिनेमा को नई दिशा दी। अपने करिश्माई व्यक्तित्व और सरल स्वभाव के कारण उन्हें ही-मैन ऑफ बॉलीवुड भी कहा जाता है।

फिल्म जगत और देशभर में उनके प्रशंसकों के बीच गहरा शोक व्याप्त है। धरोहर बन चुके धर्मेंद्र अब भले इस दुनिया में न हों, लेकिन उनकी अदाकारी और व्यक्तित्व हमेशा याद किए जाएंगे।

Samvad 24 Office
Samvad 24 Office

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Get regular updates on your mail from Samvad 24 News