अहमदाबाद में 15 दिन पहले नौकरी करने गए कन्नौज के युवक की संदिग्ध मौत, परिजनों ने लगाया हत्या का आरोप

कन्नौज जनपद के ठठिया थाना क्षेत्र के सुरसी गांव निवासी 29 वर्षीय आलोक पुत्र सोनेलाल की गुजरात के अहमदाबाद में संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। मंगलवार देर शाम पोस्टमार्टम के बाद शव गांव पहुंचा तो परिजनों और ग्रामीणों की भीड़ उमड़ पड़ी। घटना को लेकर गांव में शोक का माहौल है। उपलब्ध जानकारी के अनुसार आलोक लगभग 15 दिन पहले अपने एक रिश्तेदार के साथ अहमदाबाद स्थित एक निजी कंपनी में नौकरी करने गया था।

रविवार रात हुई मौत, सोमवार को मिली सूचना

परिजनों के अनुसार रविवार रात करीब 8 बजे अहमदाबाद में आलोक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। सोमवार को परिवार को घटना की जानकारी दी गई, जिसके बाद उसका भाई तत्काल गुजरात के लिए रवाना हुआ। आवश्यक कानूनी प्रक्रिया और पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया और मंगलवार देर शाम उसे पैतृक गांव लाया गया।

परिजनों ने उठाए सवाल, हत्या की आशंका जताई

मृतक के परिजनों का आरोप है कि आलोक की हत्या की गई है। उन्होंने पूरे मामले की निष्पक्ष और गहन जांच कर दोषियों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग की है। हालांकि, अब तक मौत के वास्तविक कारणों की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। ऐसे में घटना की सच्चाई पुलिस जांच और पोस्टमार्टम सहित अन्य फॉरेंसिक रिपोर्ट सामने आने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।

पत्नी और एक वर्षीय बेटी गांव में रहती हैं

आलोक अपने पीछे पत्नी उर्मिला और लगभग एक वर्षीय बेटी जूही को छोड़ गए हैं। परिवार का कहना है कि आलोक रोजगार की तलाश में गुजरात गए थे ताकि परिवार की आर्थिक स्थिति बेहतर हो सके। उनके पिता सोनेलाल खेती-बाड़ी कर परिवार का भरण-पोषण करते हैं। अचानक हुई इस घटना से पूरे परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।

ठठिया पुलिस ने कही यह बात

ठठिया थाना प्रभारी संजीव कुमार के अनुसार घटना गुजरात राज्य के अधिकार क्षेत्र की है। स्थानीय पुलिस आवश्यक सूचनाओं का संज्ञान ले रही है। मामले की जांच गुजरात पुलिस द्वारा की जा रही है और आगे की कार्रवाई वहीं की कानूनी प्रक्रिया के अनुसार होगी।

Shivpratap Singh
Shivpratap Singh

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *