आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर भीषण हादसा, कंटेनर पलटने से चालक की मौत

कन्नौज जिले के तालग्राम थाना क्षेत्र में आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर मंगलवार दोपहर एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। बिहार के बक्सर से इटावा जा रहा धान की भूसी से लदा कंटेनर अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकराने के बाद पलट गया। हादसे में चालक की मौत हो गई, जबकि हेल्पर घायल हो गया। दुर्घटना के बाद कंटेनर में लदी भूसी सड़क पर फैल गई, जिससे एक्सप्रेसवे पर यातायात कुछ समय के लिए बाधित रहा।

कमानी का बोल्ट टूटने से अनियंत्रित हुआ कंटेनर

प्राथमिक जानकारी के अनुसार, हादसा तालग्राम थाना क्षेत्र के बेहटा गांव के समीप एक्सप्रेसवे के किलोमीटर संख्या 169 पर दोपहर करीब दो बजे हुआ। बताया जा रहा है कि चलते समय कंटेनर की कमानी का बोल्ट टूट गया, जिससे चालक वाहन पर नियंत्रण नहीं रख सका। अनियंत्रित कंटेनर पहले मध्य डिवाइडर से टकराया और फिर पलटकर एक्सप्रेसवे की तीनों लेन में फैल गया।

चालक की मौत, हेल्पर का इलाज जारी

हादसे में हरदोई जिले के मल्लावां थाना क्षेत्र के गौरी गांव निवासी 36 वर्षीय मोहम्मद सलमान गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें 108 एंबुलेंस से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, तालग्राम ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। वहीं, कंटेनर में मौजूद कानपुर देहात के बिल्हौर थाना क्षेत्र के गडरानी खंड चौरसा निवासी 34 वर्षीय अनुज पाल घायल हो गए, जिनका उपचार जारी है।

पुलिस और यूपीडा ने चलाया राहत अभियान

दुर्घटना की सूचना मिलते ही थाना प्रभारी रंजना पांडेय, बेहटा चौकी प्रभारी उपनिरीक्षक तरुण प्रताप सिंह तथा यूपीडा की सुरक्षा टीम मौके पर पहुंची। राहत एवं बचाव कार्य शुरू करते हुए घायल को अस्पताल भेजा गया और यातायात को वैकल्पिक रूप से संचालित किया गया। बाद में क्रेन की सहायता से पलटे कंटेनर को हटाने की कार्रवाई शुरू की गई।

पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया शव

पुलिस ने आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करते हुए मृत चालक के शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। साथ ही मृतक के परिजनों को घटना की सूचना दे दी गई है। प्रशासन का कहना है कि एक्सप्रेसवे पर यातायात को जल्द से जल्द सामान्य करने के लिए राहत कार्य तेजी से पूरा कराया गया।

Shivpratap Singh
Shivpratap Singh

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *