संत रविदास जयंती पर कन्नौज में निकली भव्य कलश यात्रा

संत शिरोमणि गुरु रविदास की जयंती के अवसर पर गुरुवार को कन्नौज में श्रद्धा और उत्साह के साथ कलश यात्रा निकाली गई। यात्रा का शुभारंभ दोपहर लगभग 12 बजे मानीमऊ क्षेत्र के उदैतापुर गांव से हुआ। यात्रा में उत्तर प्रदेश सरकार के समाज कल्याण मंत्री असीम अरुण सहित भारतीय जनता पार्टी के कई पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि और कार्यकर्ता शामिल हुए। धार्मिक एवं सांस्कृतिक वातावरण के बीच श्रद्धालुओं ने संत रविदास के संदेशों का स्मरण करते हुए यात्रा में सहभागिता की।

13 स्थानों पर पुष्पवर्षा से हुआ स्वागत

उदैतापुर से प्रारंभ हुई कलश यात्रा सरायमीरा, पूर्वी बाईपास, मंडी समिति, खुशी होटल, अंधी मोड़, काली दुर्गा मंदिर रोड, तिर्वा क्रॉसिंग, मकरंद नगर तिराहा, मोरध्वज मील, जेपी कॉलेज मोड़, नगर पालिका क्षेत्र, ग्वाल मैदान और अंबेडकर प्रतिमा स्थल सहित कुल 13 प्रमुख स्थानों से होकर गुजरी। विभिन्न सामाजिक संगठनों एवं स्थानीय लोगों ने यात्रा का पुष्पवर्षा कर स्वागत किया।

काजीटोला में हुआ समापन, मंत्री ने दिया सामाजिक समरसता का संदेश

कलश यात्रा का समापन काजीटोला मोहल्ला स्थित डॉ. भीमराव अंबेडकर प्रतिमा स्थल पर हुआ। इस अवसर पर समाज कल्याण मंत्री असीम अरुण ने कहा कि संत रविदास ने सामाजिक समरसता, समानता और मानवता का संदेश दिया था। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार भारतीय संस्कृति, संत परंपरा और सामाजिक मूल्यों के संरक्षण एवं संवर्धन के लिए निरंतर कार्य कर रही है।

स्थानीय जनप्रतिनिधियों और कार्यकर्ताओं की रही सहभागिता

यात्रा में भाजपा जिलाध्यक्ष वीर सिंह भदौरिया, आलोक दीक्षित, आर.एस. कठेरिया, शिवेंद्र कुमार, शरद मिश्रा, अशोक सिंह, पंकज मिश्रा सहित अनेक पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे। यात्रा के दौरान सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्था के लिए प्रशासन की ओर से भी आवश्यक प्रबंध किए गए।

भीड़ को लेकर उठी चर्चा

कार्यक्रम के दौरान अपेक्षाकृत कम भीड़ दिखाई देने को लेकर स्थानीय स्तर पर चर्चाएं भी रहीं। कुछ कार्यकर्ताओं ने नाम प्रकाशित न करने की शर्त पर दावा किया कि कार्यक्रम की सूचना सभी तक समय पर नहीं पहुंच सकी। हालांकि इस संबंध में किसी आधिकारिक टिप्पणी की पुष्टि नहीं हो सकी। भाजपा जिलाध्यक्ष से प्रतिक्रिया लेने का प्रयास किया गया, लेकिन समाचार लिखे जाने तक उनका विस्तृत पक्ष प्राप्त नहीं हो सका।

Shivpratap Singh
Shivpratap Singh

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *