
आजमगढ़। जनपद के फूलपुर तहसील क्षेत्र के मोलनापुर गांव में शनिवार को प्रशासन ने प्राथमिक विद्यालय की राजस्व अभिलेखों में दर्ज भूमि पर बने कथित अवैध मदरसे के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए बुलडोजर चलाया। राजस्व और पुलिस विभाग की संयुक्त टीम ने पांच कमरों के भवन को ध्वस्त कर भूमि को अतिक्रमण मुक्त कराया। यह कार्रवाई स्थानीय शिकायत और राजस्व जांच के बाद की गई।
राजस्व अभिलेखों में विद्यालय की भूमि, जांच के बाद लिया गया निर्णय
प्रशासन के अनुसार, ग्राम मोलनापुर स्थित लगभग 0.188 हेक्टेयर भूमि राजस्व अभिलेखों में प्राथमिक विद्यालय के नाम दर्ज है। आरोप था कि इस भूमि पर वर्षों से मदरसा संचालित किया जा रहा था। मामले की शिकायत मिलने पर उपजिलाधिकारी के निर्देश पर भूमि की पैमाइश कराई गई, जिसमें विद्यालय की भूमि पर अतिक्रमण पाए जाने के बाद कार्रवाई का निर्णय लिया गया।
नायब तहसीलदार के नेतृत्व में चला अभियान, पुलिस बल रहा तैनात
नायब तहसीलदार राजाराम के नेतृत्व में राजस्व विभाग की टीम तथा स्थानीय पुलिस बल की मौजूदगी में बुलडोजर की सहायता से पांच कमरों का निर्माण ध्वस्त किया गया। कार्रवाई के दौरान क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था के व्यापक इंतजाम किए गए ताकि किसी प्रकार की कानून-व्यवस्था संबंधी समस्या उत्पन्न न हो।
ग्राम प्रधान को सौंपी गई कब्जामुक्त भूमि
निर्माण हटाए जाने के बाद प्रशासन ने अतिक्रमण मुक्त कराई गई भूमि का कब्जा ग्राम प्रधान को सौंप दिया। कार्रवाई के दौरान राजस्व विभाग के अधिकारी, लेखपाल, पुलिस अधिकारी तथा स्थानीय ग्रामीण भी मौके पर मौजूद रहे। प्रशासन ने स्पष्ट किया कि सार्वजनिक एवं सरकारी भूमि पर किसी भी प्रकार के अवैध कब्जे के मामलों में नियमानुसार कार्रवाई जारी रहेगी।






