खाकी वर्दी, सिर पर पुलिस कैप और सनकी दिमाग: आखिर कौन है टेलर हत्याकांड का आरोपी वसीक मुल्ला?
Share your love

कन्नौज शहर में टेलर निजामुद्दीन हत्याकांड ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया है। सदर कोतवाली क्षेत्र के शेखाना मोहल्ले में हुई इस सनसनीखेज वारदात के बाद पुलिस ने आरोपी वसीक मुल्ला को गिरफ्तार कर जिला जेल भेज दिया है। पुलिस के अनुसार आरोपी को घटना के करीब पांच घंटे बाद अडंगापुर रोड के पास से पकड़ा गया, जहां वह पुलिस जैसी खाकी वर्दी, सिर पर पुलिस कैप और पैरों में बूट पहने घूमता मिला।
हत्या के बाद बदले कपड़े, खुद को बताने लगा पुलिस अधिकारी
पुलिस सूत्रों के मुताबिक हत्या के बाद आरोपी ने अपने कपड़े बदल लिए थे और खुद को पुलिस अधिकारी बताकर लोगों को भ्रमित करने की कोशिश कर रहा था। गिरफ्तारी के बाद भी कोतवाली में उसका व्यवहार असामान्य बना रहा। पूछताछ के दौरान वह कभी खुद को पुलिसकर्मी तो कभी डॉक्टर बताता रहा। स्थानीय लोगों का कहना है कि वसीक मुल्ला लंबे समय से इसी तरह अलग-अलग भेष बनाकर इलाके में घूमता था।
मिठाई बांटने निकले टेलर की हुई दर्दनाक हत्या
जानकारी के अनुसार मृतक निजामुद्दीन पेशे से टेलर थे और हाल ही में जमीन खरीदने की खुशी में परिचितों को मिठाई बांटने निकले थे। इसी दौरान आरोपी से विवाद हुआ और उसने गमछे से गला कसकर उनकी हत्या कर दी। घटना आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों में भी कैद बताई जा रही है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी थी, जिसके बाद आरोपी की गिरफ्तारी संभव हो सकी।
मोहल्ले में दहशत: “कभी डॉक्टर, कभी पुलिस बनता था”
स्थानीय निवासियों का कहना है कि आरोपी का व्यवहार लंबे समय से संदिग्ध और मानसिक रूप से अस्थिर दिखाई देता था। मोहल्ले के लोगों के अनुसार वह अक्सर खाकी वर्दी या सफेद कोट पहनकर खुद को पुलिसकर्मी या डॉक्टर बताता था। कुछ लोगों ने दावा किया कि उसके पास एक भाला भी रहता था, जिसे वह खेतों तक साथ लेकर जाता था। क्षेत्रीय लोगों का कहना है कि यदि समय रहते कार्रवाई न होती तो आरोपी भविष्य में और भी बड़ी वारदात को अंजाम दे सकता था।
पुलिस अब मानसिक स्थिति और आपराधिक पहलुओं की जांच में जुटी
कन्नौज पुलिस अब आरोपी की मानसिक स्थिति, उसके पिछले व्यवहार और संभावित आपराधिक रिकॉर्ड की भी जांच कर रही है। शुरुआती जांच में सामने आया है कि आरोपी लंबे समय से असामान्य गतिविधियों के कारण मोहल्ले में चर्चा का विषय बना हुआ था। पुलिस यह भी पता लगाने का प्रयास कर रही है कि वह पुलिस जैसी वर्दी और अन्य सामग्री कहां से लाता था।






